बड़ी खबर : समस्तीपुर में सरेआम उप मुख्य पार्षद के पति की गोली मारकर हत्या, घटना से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर किया बवाल

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर में एक बार फिर बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े हत्या की घटना को अंजाम दिया है। बदमाश इतने बेखौफ थे कि रोसड़ा शहर में सरेआम सुबह में उप मुख्य पार्षद के पति की गोलीमार कर हत्या कर दी और फिर आराम से पैदल निकल गया। घटना रोसड़ा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर दुर्गा स्थान के पास की है। मृतक की पहचान रोसड़ा नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद बबीता देवी के पति अरुण महतो के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह मृतक अपने घर से पैदल रोसड़ा स्टेशन की तरफ जा रहे थे , तभी दुर्गा स्थान के पास चाय दुकान पर पूर्व से घात लगाए बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए गोली मार दिया। अपराधियों द्वारा गोली चलाते ही घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल हो गया। आसपास के लोग भाग कर अपनी जान बचाए।

 

स्थानीय लोगों के द्वारा जख्मी को आनन – फानन में अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि अरुण महतो की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी थी। जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने शव के साथ हसनपुर – समस्तीपुर मुख्य मार्ग को महावीर चौक के पास जाम कर दिया है । इधर घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचे मामले की जांच में जुट गई है फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।

हालांकि मृतक के परिजनों का आरोप है कि रोसेड़ा शहर में शराब कारोबारी काफी सक्रिय है। जिसमें प्रशासन की भूमिका भी संदिग्ध है। मृतक लगातार शराब कारोबारी और स्थानीय प्रशासन के गठजोड़ को लेकर आवाज उठाते रहते थे। इसी कारण उनकी हत्या की गई है। परिजनों ने रोसड़ा के एक्सक्यूटिव ऑफ़सर पर भी कई गंभीर आरोप लगाया है।  इधर घटना की सूचना मिलने के बाद रोसड़ा पुलिस घटना स्थल पर मामले की जांच करने पहुंची। इस दौरान पुलिस को आक्रोशित भीड़ का सामना भी करना पड़ा।

आक्रोशित लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुलिस को वापस जाने पर मजबूर कर दिया। फिलहाल घटना के कारण का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वही आक्रोशित लोंगो के द्वारा सड़क जाम करने के बाद यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गई है। उपमुख्य पार्षद के समर्थकों द्वारा प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी करते हुए कई गंभीर आरोप लगाया गया। इस दौरान आक्रोशित लोगों का कहना है कि रोसरा में दबंग एवं शराब माफिया के साथ पुलिस का गठजोड़ है। जिसके कारण आए दिन यहां घटनाएं हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *