मधुबनी। बीपीएससी द्वारा आयोजित विद्यालय अध्यापक नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थियों का प्रमाण पत्र की जांच कल यानी 4 सितंबर सोमवार से शुरू की जाएगी। जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, मिठौली, मधुबनी में प्रातः 10 बजे से संध्या 5 बजे तक प्रमाण पत्रों की जांच होगी। इसको लेकर विषयवार एवं तिथिवार प्रमाणपत्रों की जाँच कार्यक्रम की सूची जारी कर दी गयी।बीपीएससी द्वारा आयोजित विद्यालय अध्यापक नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा (विज्ञापन संख्या 26/2023) में सम्मिलित अभ्यर्थियों का ही प्रमाण पत्र की जांच की जाएगी। जिसकी सभी प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।


इसको लेकर चालीस काउंटर बनाए गए हैं, साथ ही लगभग 200 से भी अधिक पदाधिकारियो एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा ने अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर को निर्देश दिया है कि डीआरसीसी परिसर के आसपास भीड़ की संभावना के आलोक में अपने स्तर से भी दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने एवं स्वयं विधि व्यवस्था पर सतत निगरानी रखना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।


जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र,मिठौली, जगतपुर, मधुबनी ( मधुबनी सौराठ रोड) में प्रातः 10:00 बजे से संध्या 5:00 बजे तक प्रमाण पत्रों की जाँच होगी, जिसके लिए विषयवार एवं तिथिवार जाँच कार्यक्रम की सूची जारी कर दी गई है।







