समस्तीपुर। शाहपुर पटोरी थाना परिसर में रविवार को चेहल्लुम एवं श्री कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा ने की। जबकि संचालन डॉ अशरफ इमाम ने की। थाना परिसर में आयोजित इस बैठक में प्रभाष चंद्र राय, विजय कांत राय, अधिवक्ता सदानंद राय, सतीश कुमार महतो, राजेश कुमार, प्रभु कुमार, सन्नी कुमार, संजय कुमार साह , विजय कुमार साह , राहुल कुमार, रंजीत कुमार , राजू कुमार, विजय कुमार राय, राकेश कुमार साह आदि मौजूद थे।


थानाध्यक्ष ने बताया कि श्रीकृष्ण प्रतिमा की स्थापना के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य है। बैठक में प्रतिमा विसर्जन की तिथि निर्धारित की गई तथा हर हाल में प्रतिमा स्थल एवं विसर्जन के दौरान डीजे का प्रयोग नहीं करने का निर्णय लिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी प्रतिमा स्थलों पर स्थानीय पुलिस प्रशासन के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे, जो भीड़ नियंत्रण एवं विधि व्यवस्था के संधारण में सहयोग करेंगे।


श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अगले दिन मेला के दौरान शहर की मुख्य सड़क पर सभी छोटे-बड़े वाहनों का परिचालन नहीं होगा। इसके लिए कुछ स्थानों पर अस्थायी रूप से वाहन पड़ाव बनाए जा रहे हैं। मेले में बाइकर्स एवं समूह में बाजा बजा कर शोर मचाने वाले युवाओं पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।







