समस्तीपुर में लापता चाचा-भतीजा का शव बरामद, तीसरे की तलाश जारी, हत्या कर शव पर तेजाब डाल पानी में फेंकने की आशंका

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के महिसर चौर चाचा-भतीजा की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। शनिवार को दोपहर पानी में उपलाती हुई दो-दो लाश देखा गया, जिसकी सूचना मिलते ही घटना स्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गयी। जिसके बाद इसकी सूचना रोसड़ा पुलिस को भी दी गयी। मृतक की पहचान रोसड़ा थाना क्षेत्र के ही शिवाजीनगर प्रखंड के जाखड़ फुलवरिया वार्ड संख्या14 निवासी मणिक लाल राय के 40 वर्षीय पुत्र नंदलाल राय तथा प्रेम लाल राय के 14 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार उर्फ लक्की कुमार के रूप में की गई है। जबकि मृतक आपास में चाचा-भतीजा है। वहीं मृतक नंद लाल राय के लापता 17 वर्षीय पुत्र मिथिलेश कुमार उर्फ लव को ढूंढा जा रहा है। बताया जाता है कि तीनों 16 अगस्त से ही लापता थे।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की दोपहर महिसर चौर स्थित पानी में दो लोगों की लाश उपलाती हुई मिली। पानी में दो लाश के उपलाने की सूचना जंगल में आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गयी। देखते ही देखते घटना स्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गयी। मृतक की पहचान होने के बाद पता चला कि 16 अगस्त से तीनों लापता थे। जिसकी परिजन तलाश कर रहे थे। इसी दौरान लाश मिलने की सूचना पर पहुंच कर दो के शव की पहचान की गयी, जबकि मृतक नंद लाल राय के लापता 17 वर्षीय पुत्र मिथिलेश कुमार उर्फ लव की तलाश की जा रही है। पानी में रहने के कारण शव की स्थिति काफी खराब है। वहीं शव के चेहरा पर तेजाब डालने की आशंका जतायी जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार 16 अगस्त को तीनों एक ही बाइक से रोसड़ा से अपने घर लौट रहे थे। लेकिन तीनों घर नहीं पहुंच सके। रात तक घर नहीं पहुंचने के कारण तीनों की खोजबीन शुरु की गयी। लेकिन इसका कोई पता नहीं चला। जिसके बाद से तीनों की खोज की जा रही थी। परिजनों सहित अन्य रिश्तेदारों के यहां भी तलाशी जारी थी। इसी दौरान शनिवार को दो लोगों के लाश मिलने की सूचना पर पहचान की गयी।

इधर, रोसड़ा थानाध्यक्ष प्रसुन्जय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का ही प्रतीत हो रहा है। जिस जगह से लाश बरामद की गयी है, वहां पानी डूबाऊ नहीं है। जिसको लेकर हत्या की आशंका जाहिर की जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *