समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के मोहनपुर ओपी के अध्यक्ष नन्दकिशोर यादव की हत्या मामले में उजियारपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इसमें सात नामजद के अलावा 12 अज्ञात को आरोपित किया गया है। हत्या के प्रयास, हत्या, आर्म्स एक्ट एवं सरकारी कार्य मे बाधा डालने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गयी प्राथमिकी में नालंदा जिला के कराय परशुराय थाने के मरहापर गांव के उमेश गोप उर्फ हड्डी गोप के पुत्र मेघु प्रसाद, मोबाइल नम्बर 9142666085 व 9006670025 के उपयोगकर्ता, ट्रक नम्बर बीआरशून्य 6जीए 5918 के चालक व मालिक, पिकअप नम्बर बीआरशून्य एक जीएल 0793 के चालक व मालिक के अलावे 12 अज्ञात बदमाश शामिल हैं। बताया गया है कि पकड़े गये अपने साथी को छुड़ाने में सफल नहीं होने बदमाशों ने दारोगा नंदकिशोर को जान मारने की नीयत से गोली मारी थी।



बदमाशों की गिरफ्तारी के लिये डीएसपी के नेतृत्व में गठित एसआईटी छापेमारी कर रही है। एसआई रंजीत शर्मा के 15 अगस्त को आईजीएमएस पटना में शास्त्रत्त्ी नगर थाने के दारोगा प्रमोद कुमार तिवारी के समक्ष दिये बयान के पर 15 अगस्त को ही मामला दर्ज हुआ। दर्ज मामले में कहा गया है कि मवेशी चोरी को लेकर मोहनपुर ओपी में 11 अगस्त को दर्ज (पटोरी थाना कांड) कांड संख्या 517/23 के अप्राथमिकी अभियुक्त नालंदा जिले के मेघु प्रसाद एवं उसके भाई अमित प्रसाद के संबंध में आसूचना संकलन एवं गिरफ्तारी के लिये ओपी से ओपी प्रभारी नन्दकिशोर यादव, दारोगा रंजीत शर्मा, विसद विश्वास एवं दो सिपाही वाहन से रात में सवा ग्यारह बजे निकले थे।


इस क्रम में मेघु का लोकेशन उजियारपुर थाना क्षेत्र के शहबाजपुर में पाया गया। तब ओपी प्रभारी ने बताया कि मवेशी चोरी कर मेघु का गिरोह ट्रक व पिकअप से दूसरे जिला में ले जाता है तथा आज भी यह गिरोह मवेशी चोरी करने के लिये आया हुआ है। इसके बाद बदमाशों पर निगरानी रखने तथा उनकी गिरफ्तारी में सहयोग के लिए उजियारपुर एवं हलई थाने को सूचना देने के साथ ही आगे बढ़ने के क्रम में रात करीब 2.50 बजे एसएच 88 स्थित शहबाजपुर (उजियारपुर) में हनुमान मंदिर के पास ट्रक व पिकअप लगा पाये जाने पर ओपी प्रभारी अपने वाहन से उतर उक्त वाहन के संबंध में पता करने लगे। तभी पास स्थित पड़ाव में तीन लोग नजर आये। उन्हें रोककर पुलिस पूछताछ कर ही रही थी एकाएक उसके 10-12 साथी आकर विरोध जताने के साथ फायरिंग की। इस बीच ओपी अध्यक्ष ने एक बदमाश को पकड़ लिया।


जिस पर उसके साथियों ने दारोगा नंदकिशोर को लाठी डंडा से मारा पीटा भी। अपने साथी को छुड़ाने में असफल होने पर बदमाशों ने ओपी प्रभारी को आंख के ऊपर गोली मारकर जख्मी कर दिया जिससे वे गिर पड़े। एक बदमाश ने कहा कि मेघु भागो पुलिस आ गई है। इसके बाद कुछ बदमाश ट्रक पर सवार होकर तथा कुछ अंधेरे में इधर उधर भाग गये। बताया गया है कि ट्रक की तरह पिकअप भी ले जाने की बदमाशों ने कोशिश की थी। लेकिन इसमे उन्हें सफलता नहीं मिली। प्राथमिकी में घटनास्थल से फायर खोखा, जिंदा गोली, चप्पल एवं गमछा बरामद होने का भी जिक्र किया गया है। बताया गया है कि हत्याकांड में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार करने की दिशा में पुलिस कार्रवाई कर रही है।





