
समस्तीपुर। समस्तीपुर यांत्रिक कारखाना के सामने कर्मियों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन कारखाना स्टोर शाखा के बैनर तले मंडल मंत्री केके मिश्रा के नेतृत्व में शाखा सचिव अमरजीत कुमार के द्वारा गेट मीटिंग आयोजित कर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने मुख्य रुप से यांत्रिक कारखाना समस्तीपुर के विस्तारीकरण के लिए एवं सी कैटेगरी को पुन: चालू करने एवं दस अगस्त को रामलीला मैदान में आयोजित प्रदर्शन में हिस्सा लेने की भी अपील की।

इस दौरान शाखा सचिव अमरीजत कुमार ने कहा कि पूर्व में भी पीओएच का झांसा दिया गया था। जिसकी राशि भी आवंटित हो गयी थी, लेकिन कार्य नहीं हो सका। इसी छलावे को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर के नाम पर जो जमीन अधिग्रहण की जा रही है, उसके बदले कारखाना का विस्तार कर जमीन दिया जाए।

तभी कारखाना परिसर के क्षेत्र को स्टेशन परिसर में लिया जाए। उन्होंने कहा कि दस अगस्त को एनपीएस के खिलाफ दिल्ली में हो रहे संसद के घेराव में सभी युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में शामिल होना है।

मौके पर जितेंद्र कुमार मंडल, मो. जहांगीर, सरीन कुमार, अमित कुमार, सुनील कुमार, प्रशांत कुमार, राजू कुमार राय, मुख्यालय शाखा अध्यक्ष मनोज कुमार, लोको शाखा सचिव राज कुमार, ललिता कुमारी, पुष्पा सिंह, गायत्री देवी, रानी सिंह आदि शामिल थे।








