चॉकलेट चोरी पर अमानवीय तरीके से बच्चे की पिटायी मामले में मुखिया पति की गिरफ्तारी का विरोध, जल्द रिहा नही होने पर आंदोलन का लिया निर्णय

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर/सिंघिया। समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र में चॉकलेट चोरी के मामले में बेरहमी तरीके से बच्चे की पिटाई मामला में मुखिया पति की गिरफ्तारी के बाद मामला तूल पकड़ लिया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिसिया जांच में मुखिया पति के शामिल होने की बात सामने आने एवं उसकी गिरफ्तारी होने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस पर कड़ी आपत्ति व्यक्त करते हुए मुखिया पति को जल्द से रिहा करने की मांग की है। अन्यथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

बतादें की चोरी कर चॉकलेट खाने पर बच्चे की अमानवीय तरीके से पिटाई करने के मामले में सिंघिया प्रखंड की माहे पंचायत के मुखिया के पति दिलीप सिंह की गिरफ्तारी से पंचायत प्रतिनिधियों में उबाल आ गया है। शनिवार को पंचायत समिति भवन में जनप्रतिनिधि के साथ ही राजनीतिक दलों के नेताओ की बैठक में मुखिया के पति की गिरफ्तारी की आलोचना की गयी। इसके साथ ही जल्द रिहाई नहीं होने पर आंदोलन करने का निर्णय लिया गया।

मुखिया संघ के अध्यक्ष चंद्रमणि सिंह उर्फ कारो सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में मामले की निष्पक्ष व स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की भी मांग की गयी। बैठक में वक्ताओं ने इसके लिए जिले से बाहर के एक विधायक को दोषी ठहराने के साथ ही निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।

बैठक में प्रमुख बिरजू साह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को पद के अनुसार सम्मान मिलना चाहिए। जितना बड़ा अपराध बच्चे को चॉकलेट के लिए पीटना था, उतना ही बड़ा अपराध निर्दोष दिलीप सिंह को छल से गिरफ्तार करना भी है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि थाने से महज दो किमी की दूरी पर 9 घंटे तक अपराध होता रहा और पुलिस को पता तक नहीं चला।

चौकीदार और थाना प्रभारी कहां थे। उन्होंने बच्चे को क्यों नहीं बचाया। मीडिया ने भी बच्चे को बचाने का कोई प्रयास नहीं किया। उप प्रमुख रिंकू सिंह ने कहा कि मुखिया के पति की गिरफ्तारी राजनीतिक प्रतिद्वंदता में जिले से बाहर के विधायक ने करायी है। वक्ताओं ने कहा कि अगर इस मामले की न्यायिक जांच नहीं की गई एवं मुखिया पति को नहीं भरा गया तो आंदोलन किया जाएगा।

बैठक को सरपंच संघ के अध्यक्ष पम्मी सिंह, मिथलेश सिंह, निरंजन सिंह,गोपाल सिंह, मनोज झा, रिंकी कुमारी, लखी कमती, ब्रजेन्द्र सिंह मुरारी, मुखिया जगन्नाथ पोद्दार, पुष्पा देवी, दीपक सिंह, बैसाखी सिंह, कौशल सिंह, रतन सिंह, संजय सिंह समेत कई नेताओ तथा जनप्रतिनिधियों ने संबोधित किया।

बता दें कि सिंघिया थाना क्षेत्र में एक दुकान से चॉकलेट की चोरी के मामले में एक बच्चे को पकड़ा गया था। जिसके बाद कुछ लोगों ने उसके हाथ पैर बांधकर 9 घन्टे तक बेरहमी से पिटाई की थी। साथ ही प्रेसर पाइप से बच्चे पर पानी की बौछार भी छोड़ा गया। 9 घंटे तक हाथ पैर बांध जर पिटाई किए जाने के बाद इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसके बाद पुलिस ने इस पर कार्रवाई की।

पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामले की जांच करते हुए इसमें दुकानदार सहित दो लोगों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।  बाद में रोसड़ा डीएसपी शिवम कुमार ने इस वीडियो की जांच की थी। दो  दिन पूर्व एसपी विनय तिवारी ने प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी दी थी कि वीडियो की जांच में मुखिया पति भी दोषी पाए गए और मुखिया पति के सामने ही बच्चे की बेरहमी से पिटाई की गई थी। इसके बाद मुखिया पति दिलीप सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *