समस्तीपुर। समस्तीपुर शहर के रेलवे कालोनी स्थित श्वान दस्ता के सामने खेलने के दौरान आरपीएफ इंस्पेक्टर के ढाई वर्षीय पुत्र की मौत नाले के पानी में डूबने से हो गयी। घटना गुरुवार सुबह की है। बताया जाता है कि आरपीएफ क्राइम ब्रांच में कार्यरत इंस्पेक्टर संगीता कुमारी के ढाई वर्षीय पुत्र की क्वार्टर के सामने नाला में डूब कर मौत हो गई।

घटना की सूचना के बाद आरपीएफ कर्मियों के बीच मातम का माहौल हो गया है। घटना के संबंध में बताया गया है कि क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर संगीता कुमारी का ढाई वर्षीय पुत्र अथर्व सुबह अपने क्वार्टर के सामने खेल रहा था।

खेलने के बच्चा क्वार्टर के सामने वाले खुले नाला में गिर गया। जिसके कारण बच्चे की मौत हो गयी। सुबह का समय होने के कारण लोगों की उस पर नजर नहीं पड़ी। बाद में जब बच्चे को नहीं देखने के बाद परिवार के लोग आसपास खोजने लगे।

इसी दौरान आरपीएफ ने बच्चा को नाली में गिरा हुआ पाया। हल्ला होने पर जुटे आरपीएफ कर्मियों ने बच्चा को आनन-फानन में उठाकर रेलवे अस्पताल लाया। वहां से परिवार के लोग बच्चे को एक निजी अस्पताल में ले गए। लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत बताया।

बाद में परिवार के लोग बच्चा को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने ईसीजी टेस्ट के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बच्चा को मृत घोषित किए जाने के बाद परिवारिक सदस्यों में कोहराम मच गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर को कई पुलिसकर्मी संभाल रहे थे बावजूद वह बेसुध बनी हुई थी।

घटना के बाद आरपीएफ कर्मियों में मातम
बताया गया है कि इंस्पेक्टर संगीता के पति दिनेश कुमार है। इंस्पेक्टर संगीता झारखंड की रहने वाली है और पिछले 1 साल से समस्तीपुर में कार्यरत है। इस घटना के बाद परिवार के लोगों के साथ ही आरपीएफ कॉलोनी में मातम की स्थिति बनी हुई है।







