समस्तीपुर। दलसिंहसराय शहर के मारवाड़ी धर्मशाला रोड में सोमवार की रात बेखौफ बदमाशों ने हथियार के बल पर दवा व्यवसायी से 2 लाख रुपये लूट लिये एवं भाग निकले। व्यवसायी की लेपटॉप एवं स्कूटी भी बदमाश लेते गये। भागने के दौरान व्यवसायी के हल्ला करने व पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग भी की।

थाना के ठीक पीछे घटित लूट की सूचना मिलने पर प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष राघवेंद्र मणि त्रिपाठी ने लूट की वारदात की जानकारी ली तथा व्यवसायी से घटना की जानकारी ली।

लुटेरों का निशाना बने दवा व्यवसायी राजेश केजरीवाल उर्फ डब्बू ने बताया कि शहर के गुदरी रोड में अपनी डाबर की दुकान बंद कर वे घर आकर स्कूटी रोके ही थे कि गली में पहले से मौजूद दो बदमाशों ने पिस्टल सटा दिया तथा दो लाख रुपये लूट लिये।

राजेश ने बताया कि वे स्कूटी का चाबी निकालना चाहे तो लुटेरों ने पिस्तौल का भय दिख उन्हें दूर हटने पर बाध्य कर दिया। इसके बाद स्कूटी लेकर दोनों बदमाश थाना के पीछेवाली सड़क की ओर भागने लगे।

बदमाशों को भागते देख उन्होंने पीछा करते हुये हल्ला किया तो एक बदमाश ने गोली चला दी जिससे वे बाल-बाल बचे। उन्होंने बताया कि स्कूटी में ही लेपटॉप एवं बकाया का पुर्जा भी था जिसे बदमाश ले गये। शहर में घनी आबादी के बीच व्यवसायी से कूट एवं फायरिंग की जानकारी मिलने और राजेश के घर व्यवसायियों की भीड़ लग गई थी।

व्यवसायी से लूट को लेकर व्यवसायियों में आक्रोश व्याप्त है। संवाद प्रेषण तक राजेश के साथ स्थानीय व्यवसायी प्राथमिकी दर्ज कराने के लिये थाने पर जमे थे। लूट की पूरी वारदात व्यवसायी के घर लगे सीसीटीवी फुटेज में भी कैद है। इस आधार पर पुलिस छानबीन में जुट गई है।

दलसिंहसराय में व्यवसाई से लूट की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में काफी आक्रोश है। देर रात तक व्यवसाई थाना पर जुटे रहे। बता दें कि आए दिन दलसिंहसराय में अपराधियों का तांडव होता रहता है कुछ दिन पूर्व भी व्यवसायियों ने कई लूट की घटना को अंजाम दिया।

हालांकि एसपी विनय तिवारी की टीम ने लूट में शामिल अपराधियों को लुटे रुपए के साथ भी गिरफ्तार कर लिया। इसके बावजूद भी दलसिंहसराय में लूट की घटना थमने का नाम नहीं ले रही है।





