यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में शनिवार की दोपहर बाइक व ट्रैक्टर की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गयी। मृतक की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के रुपनारायणपुर बेला गांव के वार्ड पांच निवासी जहुरन पासवान के 35 वर्षीय पुत्र अरुण पासवान के रुप में की गयी। घटना से आक्रोशित लोगों ने मृत युवक के शव के साथ समस्तीपुर पूसा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। साथ ही ट्रैक्टर में आग लगा दिया। जिसके कारण ट्रैक्टर जल गया। सड़क जाम के कारण पांच घंटे तक पूसा मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रही। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शाम पांच बजे लोगों को समझा कर यातायात शुरु करवाया।

मिली जानकारी के अनुसार अरुण पासवान बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बेला कब्रगाह के पास पूसा की तरफ से तेज रफ्तार से एक ट्रैक्टर आ रहा था। ट्रैक्टर ने बाइक सवार को आमने सामने टक्कर मार दी। टक्कर के कारण बाइक सवार युवक की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए। साथ ही शव के साथ सड़क को जाम कर दिया। वहीं घटना स्थल पर पड़े ट्रैक्टर में आग लगा दी।

इधर, घटना की सुचना मिलते ही कर्पूरीग्राम थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, अपर थानाध्यक्ष प्रियंका कुमारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किए। लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण पुलिस शव को अपने कब्जे में नहीं ले पायी। पुलिस लोगों को काफी समझाने का प्रयास की, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थी।

बाद में घटना की सूचना स्थानीय विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन भी घटना स्थल पर पहुंच घटना की जानकारी ली। साथ मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत प्रखंड कार्यालय से निर्गत 20 हजार रुपए का चेक परिजनों को दिया। इसकेबावजूद भी सड़क जाम जारी रहा। आक्रोशित लोग मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने, ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने सहित अन्य मांग कर रहे थे।

सड़क जाम के कारण पूसा मुख्य मार्ग पर पूरी तरह यातायात बाधित रही। घटना शनिवार के दिन लगभग 12 बजे की बतायी गयी है। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझा कर मामला को शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लगभग पांच बजे शाम में यातायात शुरु होने पर जाम में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली।






