यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले में एक सिरफिरे युवक ने शुक्रवार की दोपहर पारा मेडिकल की एक छात्रा को गोलियों से भून दिया। जिसके कारण छात्रा की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के ही शिवनाथपुर गांव के अर्जुन सिंह की 18 वर्षीय पुत्री कोलम कुमारी के रुप में की गयी है। घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों लोगों की भीड़ घटना स्थल पर पहुंच गयी। साथ ही दलसिंहसराय-सिंघिया मुख्य मार्ग को जाम कर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया।

बताया जाता है कि शिवनाथपुर गांव के अर्जुन सिंह की पुत्री कोमल कुमारी दलसिंहसराय स्थित एक कोचिंग में पारा मेडिकल की तैयारी करती थी। वह शुक्रवार को दलसिंहसराय से कोचिंग करने के बाद बस से शिवनाथपुर चौक पर पहुंची। जहां वह अपनी सहेलियों के साथ साइकिल से घर जाने लगी। इसी दौरान शिवनाथपुर गांव में ही एक तालाब के पास घात लगाए एक सिरफिरे युवक ने कोमल को रोका और ताबड़तोड़ तीन गोली मार दी। जिससे उसकी मौत घटना स्थल पर ही हो गयी। फिर युवक गांव के चौर की तरफ भाग निकला।

घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ घटना स्थल पर जुट गयी। छात्रा की मौत से आक्रोशित लोगों ने दलसिंसराय सिंघिया रोसड़ा पथ को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों के घर कोहराम मच गया। परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल था।

इधर, घटना की सूचना मिलते विभूतिपुर पुलिस भी अपने दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जांच में जुट गयी। इस दौरान पुलिस को भी स्थानीय आक्रोशित लोगों का सामना करना पड़ा। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार कोमल इसी वर्ष इंटर पास की। जिसके बाद वह दलसिंहसराय शहर में स्थित एक कोचिंग में पारा मेडिकल की तैयारी कर रही थी। वह प्रतिदिन अपनी सहेली के साथ बस से दलसिंहसराय आया जाया करती थी।

लोगो ने बताया कि दोनों रोजाना की तरह शुक्रवार को भी दोपहर बस से उतरने के बाद साइकिल लेकर घर की ओर जैसे ही बढी की पूर्व घात लगाए युवक ने गोली मार दी। बताया जाता है कि गोली मारने वाला युवक भी गांव का ही है। उधर, इस घटना के पीछे एकतरफा प्यार की बात की भी चर्चा हो रही है।

इधर, विभूतिपुर थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल के अनुसार गोली मारने वाले युवक की पहचान कर ली गयी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी करने में जुटी है। वहीं एसपी विनय तिवारी ने बताया कि प्रेम प्रसंग में घटना को अंजाम देने की बात सामने आयी है। घटना की जांच के लिए एफएसएल की टीम एवं श्वान दस्ता की टीम को बुलाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभूतिपुर पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच कर जांच में जुटी है।





