यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले में बरसात नहीं होने के कारण लोग काफी परेशान हैं। बरसात की कामना को लेकर लोगों ने पूजा-अर्चना भी शुरू कर दिया है। इसके तहत ताजपुर क्षेत्र में लोगों ने अनोखी पहल करते हुए भगवान शिव व इंद्र देव को मनाने के लिए पूजा अर्चना किया। साथ ही उनकी भव्य झांकी निकाली, ताकि क्षेत्र में बरसात हो सके। ताजपुर के सरसौना पंचायत के नुराचक गांव स्थित ओमेश्वर महादेव मंदिर परिसर से ग्रामीणों ने क्षेत्र की सलामती एवं वर्षा की कामना से इंद्र देवता को मनाने के लिए सामूहिक पूजा-पाठ शुरू किया। साथ ही लोगों ने टोली बनाकर भजन-कीर्तन गाते हुए बसहा को सजाकर भगवान भोलेनाथ की झांकी निकाली।

जानकारी देते हुए आयोजक मंडल के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह ने बताया कि गांव में यह परंपरा पिछले ढाई दशक से चली आ रही है। उसी परम्परा को कायम रखते हुए क्षेत्र को गम्भीर जल संकट से निजात दिलाने व भगवान इंद्रदेव को मनाकर वर्षा कराने को ले यह कार्यक्रम बारिश शुरू होने तक हर रोज अनवरत शाम में साढ़े सात बजे से नौ बजे रात्रि तक किया जाएगा।

भगवान शिव को आराध्य मानकर इस महा अनुष्ठान को पूरा किया जाता है। गांव के विभिन्न टोले मोहल्ले में यह कार्यक्रम बारी-बारी से चलता रहेगा। ग्रामीणों ने बताया कि यह परंपरा उन्हें अपने पूर्वजों से मिला है। चारो तरफ पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं।

बिना बर्षा के कुछ भी संभव नही है। ऐसी हालत में देवराज इंद्र को मनाने के सिवा दूसरा कोई विकल्प नजर नहीं आता है। कार्यक्रम में काफी संख्या में ग्रामीण अपना योगदान दे रहे हैं।







