यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
सोनपुर। रेलवे का परिचालन पूरी तरह संरक्षा के मानकों के तहत हो और यह यात्रियों के लिए पुरी तरह सुरक्षित हो सके। इसके लिए सोनपुर मंडल का संरक्षा विभाग लगातार प्रयासरत रहता है। इसके लिए समय- समय पर रेलखंडों का निरीक्षण किया जाता है तथा संरक्षा से जुड़े कर्मचारियों की काउंसलिंग की जाती है एवं उनके कार्यों को जांच परखा जाता है।

इसी क्रम में सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा मंडल कार्यालय सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में संरक्षा के क्षेत्र में अप्रैल एवं मई माह में विशिष्ट कार्य करने वाले मंडल के कुल 15 रेल कर्मचारियों को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।

ये वो कर्मचारी है जिन्होंने अपने कार्य के दौरान समय- समय पर न सिर्फ अतिरिक्त तत्परता दिखाई थी, बल्कि अपनी सूझबूझ तथा तत्क्षण कार्यवाई से रेलवे की संरक्षा को बढ़ावा दिया था।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने सभी पुरस्कृत कर्मचारियों के इन कार्यों की सराहना की तथा आगे भी इसी तरह कर्तव्यपरायणता से कार्य करते रहने को कहा। साथ ही अपने साथी कर्मचारियों को भी इसी तत्परता से कार्य करने के लिए अभिप्रेरित करने की सलाह दी।







