बिहार के बेगूसराय स्थित सिमरिया धाम का होगा कायाकल्प, CM आज करेंगे शिलान्यास

यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय स्थित सिमरिया धाम का कायाकल्प किया जाएगा। इसको लेकर बिहार सरकार ने कार्य योजना को तैयार किया है। जल संसाधन विभाग के द्वारा तैयार कार्य योजना को मूर्त रूप देने के लिए सीएम नीतीश कुमार 30 मई को सिमरिया धाम पहुंच रहे हैं। गंगा नदी के किनारे अवस्थित सिमरिया धाम स्थल पर सीढ़ी घाट निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया जाएगा।

इसके साथ ही कई पौराणिक इतिहास का गवाह बन चुका उत्तर वाहिनी सिमरिया गंगातट अब हरिद्वार व प्रयागराज की पंक्ति में शामिल होकर नया इतिहास रचेगा। यहां 114.97 करोड़ की लागत से हरिद्वार के हरी की पौड़ी की तर्ज पर (स्थाई स्नान घाट) समेत रिवर फ्रंट का विकास होगा। इसका शिलान्यास करने बिहार के सीएम नीतीश कुमार खुद मंगलवार को सिमरिया गंगातट आ रहे हैं।

लगभग पांच से आठ करोड़ तक सालाना राजस्व देने वाले सिमरिया गंगातट पर रोजाना स्नान, मुंडन संस्कार, शव का अंतिम संस्कार, कलश अस्थि विसर्जन समेत विभिन्न मांगलिक कार्यक्रमों को लेकर ना केवल मिथिलांचल व बिहार बल्कि देश के विभिन्न राज्यों व पड़ोसी देश नेपाल से भी हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। अखिल भारतीय सर्वमंगला योग विद्यापीठ के संस्थापक स्वामी चिदात्मन जी महाराज के नेतृत्व में सिमरिया गंगातट पर वर्ष 2011 में अर्द्धकुंभ व 2017 में महाकुंभ का सफल आयोजन हो चुका है।

कल्पवास मेले के दौरान देश के विभिन्न हिस्से के अलावा पड़ोसी देश नेपाल से भी हजारों श्रद्धालु सिमरिया गंगातट पहुंच एक माह तक गंगातट किनारे पर्णकुटीर बनाकर गंगा सेवन कर भगवान के भजन कीर्तन में लीन रहते हैं। वर्ष 2011 से यहां लगातार कुंभ सेवा समिति के द्वारा कल्पवास मेले में वाराणसी घाट की तरह ही गंगा की महाआरती वाराणसी के आचार्यो के द्वारा की जाती रही है।

बिहार सरकार के द्वारा वर्ष 2008 में सिमरिया कल्पवास मेले को राजकीय मेला का दर्जा दिया जा चुका है। स्वामी चिदात्मन जी महाराज ने सिमरिया कल्पवास मेले को राष्ट्रीय मेला का दर्जा देने की मांग की है। नौ नवम्बर 2022 को सिमरिया गंगतट पहुंचे सीएम नीतीश कुमार ने गंगातट का निरीक्षण कर इसे हरिद्वार के तर्ज पर विकसित करने का निर्देश जल संसाधन विभाग को दिया था।

दो माह पूर्व सिमरिया गंगातट को 114.97 करोड़ से विकसित करने का फैसला कैबिनेट से होने के बाद इसी माह में इसके टेंडर की प्रकिया भी पूरी की गई। सिमरिया गंगातट को हरिद्वार से भी बेहतर बनाने को लेकर जलसंसाधन मंत्री संजय झा सक्रिय हैं। मधुबनी के महंत मौनी बाबा ने बताया कि मंत्री के प्रयास से ही सिमरिया धाम में सीएम नीतीश कुमार का आगमन व विकास कार्य हो रहा है।

इन कार्य योजनाओं का होगा निर्माण : 550 मीटर लंबे सीढ़ी घाट एवं रिवर फ्रंट। गंगा आरती के लिए विनिर्दिष्ट स्थल। स्नान घाट एवं चेंजिंग रूम। स्नान घाट के समानांतर सुरक्षा व्यवस्था। धार्मिक अनुष्ठान के लिए मंडप का निर्माण। मुक्तिधाम का जीर्णोद्धार एवं आधुनिकरन। धसर्मशाला व शौचालय परिसर। पार्क एवं श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था।शेडेड कैनोपी, वाच टावर, पाथ वे। वाहन पार्किंग एवं प्रशासनिक भवन, प्रकाशीय व्यवस्था का निर्माण किया जाएगा।

राजकीय कल्पवास मेला सिमरिया में 2011 से लगातार हो रही गंगा की महाआरती

कल्पवास मेले में वाराणसी घाट की तरह ही गंगा की महाआरती वाराणसी के आचार्यों द्वारा की जाती है

सिमरिया में नमामि गंगे योजना के तहत भी 11 करोड़ से स्नान घाट व शवदाह गृह आदि का हो रहा निर्माण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *