समस्तीपुर पुलिस कार्यालय में कांडों की समीक्षा को लेकर बना सेंट्रल इंवेस्टीगेशन रुम, सभी अधिकारी होंगे उपस्थित

यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर पुलिस कार्यालय में अब नई व्यवस्था लागू की जा रही है, ताकि न्याय के लिए भटक रहे लोगों को तत्काल न्याय दिला सके  साथ ही थानों में लंबित कांडों के निष्पादन को भी गति मिल सके। इसके लिए एसपी विनय तिवारी ने पुलिस कार्यालय में ही इन्वेस्टिगेशन रूम बनाया है। जहां आईओ से लेकर एसपी तक के अधिकारी एक साथ उपस्थित होकर कांडों की समीक्षा करेंगे।

कांडों के निष्पादन व समीक्षा को गति देने के उद्देश्य से  इंवेस्टीगेशन रुम बनाया गया है। शीघ्र ही इसका उद्घाटन किया जाएगा। जिसके बाद इन्वेस्टिगेशन रूम में संबंधित थानों के आईओ, सभी सर्किल इंस्पेक्टर, डीएसपी व एसपी मौजूद रहेंगे। कांडा के निष्पादन में किस अधिकारी के स्तर से लापरवाही बरती जा रही है या फिर अनुसंधान में क्या कमी है, इसकी समीक्षा कर तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा।

इस संबंध में एसपी विनय तिवारी ने बताया कि पुलिस कार्यालय में नयी व्यवस्था के तहत इंवेस्टीगेशन रुम बनाया जा रहा है। जिसमें संबंधित थाना से जुड़े कांडों के आईओ, सभी सर्किल इंस्पेक्टर, डीएसपी के साथ एसपी स्वयं मौजूद रहेंगे। इसके लिए सुबह सात बजे से दस बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।

जहां जिले के चिंहित 13 थानों के लंबित कांडों की समीक्षा होगी। एक दिन में दो थानों के आईओ को ही बुलाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य अधिक कांडों का निष्पादन करना है। इसके लिए पहले से ही शिड्यूल होगा, जिसमे यह निर्धारित होगा कि किस दिन किन दो थाना को शामिल करना है। ताकि संबंधित सभी पुलिस अधिकारी पूरी तैयारी के साथ उपस्थित होंगे।

एसपी ने बताया कि इसमें अगर किसी केस के मामले में उससे जुड़ी जनता की भी कोई शिकायत है, तो वो भी निर्धारित शिड्यूल के अनुसार आ सकते हैं। ताकि सभी के सामने उनकी बात को सुना जा सके और कारवाई से अवगत करायी जा सके। किस थाना का शिड्यूल कब है, उन्हें थाना से जानकारी मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *