समस्तीपुर मुसरीघरारी व महनार बछवाड़ा सड़क निर्माण का DM ने किया निरीक्षण

यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। मुसरीघरारी – समस्तीपुर आरसीडी सड़क के चौड़ीकरण व मजबूतीकरण के चल रहे कार्यों का आज पुनः निरीक्षण किया गया। डीएम योगेंद्र सिंह ने अपनी टीम के साथ सड़क का निरीक्षण करते हुए कार्यों में तेजी लाने का आदेश दिया है। इस पथ में 129 पेड़ों की कटाई एवं 122 पेड़ों का ट्रांसलोकेशन किया जाना है।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी को बताया गया कि अभी तक 70 पेड़ों की कटाई की जा चुकी है और 78 पेड़ों का ट्रांसलोकेशन किया जा चुका है। जिला पदाधिकारी के द्वारा शेष बचे हुए कार्य को 03 दिनों के अंदर पूर्ण कराने का निर्देश दिया। अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर को अपने देख रेख में इस कार्य को पूर्ण कराने तथा सड़क को यातायात के लिए खाली रखने का निर्देश दिया गया।


इसके बाद डीएम के द्वारा महनार (वैशाली) – बछवाड़ा (बेगूसराय) पथ, एनएच- 122बी में बनने वाले सड़क का निरीक्षण किया गया। समस्तीपुर जिले में यह सड़क पटोरी, मोहनपुर, मोहिउद्दीनगर एवं विद्यापतिनगर प्रखंडों से होकर गुजरती है। इसकी लंबाई इस जिले में 34.8 किलोमीटर है।

बताते चलें कि यह सड़क 1964 में बनी थी, यह पथ उसी का विस्तारीकरण है। इस सड़क के निर्माण के लिए जिले के 04 गावों में भु-अर्जन की प्रक्रिया चल रही है। यह पथ राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल गुलज़ारबाग के अधीन आता है।

उपस्थित कार्यपालक अभियंता राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल गुलज़ारबाग को निर्देश दिया गया कि वे कार्य एजेंसी से अविलंब कार्य शुरू कराना सुनिश्चित करें। कार्य एजेंसी को निर्देश दिया गया कि निर्माण कार्य के लिए आवश्यक उपकरण व सामग्री का भण्डारण अपने कैंप में उपलब्ध कर लें ताकि कार्य निर्बाध गति से चलता रहे।

इस पथ में मोहिउद्दीनगर प्रखंड के बलुआही से मुदादाबाद के बीच पथ निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है। इसमें मिट्टी भराई एवं समतलीकरण का कार्य किया जा रहा है।


सभी संबंधित अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि इस पथ के निर्माण में अतिक्रमण संबधी मामलों को चिन्हित करें एवं अविलंब अतिक्रमण मुक्त करावे। उपस्थित जिला भु-अर्जन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि वे भु-अर्जन से संबंधित भुगतान की प्रक्रिया को तेज करें एवं लंबित मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया को अविलंब शुरू करें। अब तक जिन लाभुको का एलपीसी निर्गत नहीं हो सका है उसके लिए स्थल जांच करने एवं आपस में समन्वय स्थापित करने का निर्देश जिला भु-अर्जन पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता एवम् अंचलाधिकारी को दिया गया।

इस पथ में वन विभाग द्वारा अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त हो चुका है, पथ में पड़ने वाले पेड़ों की ट्रिमिंग एवं ट्रांसलोकेशन करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता, एनएचएआई को दिया गया। संबंधित अंचलाधिकारी एवं कार्य एजेंसी को इस पथ के निर्माण में आने वाले समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी से संपर्क स्थापित करने का निर्देश दिया गया।

कार्यपालक अभियंता, एनएचएआई एवं जिला भु-अर्जन पदाधिकारी को इस पथ का संयुक्त प्रगति प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *