यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले में शराब मामले में शराब माफियाओं से दोस्ती व बचाने के प्रयास में एसपी विनय तिवारी ने बड़ी कारवाई की है। इसके तहत समस्तीपुर जिले के नए कर्पूरीग्राम थाना की थानाध्यक्ष अनिशा सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय कारवाई शुरु कर दी गयी है।

फिलहाल अपर थानाध्यक्ष प्रियंका कुमार के द्वारा दैनिक कार्यों का निष्पादन किया जाएगा। इधर, एसपी विनय तिवारी के कारवाई के बाद जिले के पुलिस अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया है।

समस्तीपुर पुलिस कार्यालय में शनिवार को प्रेसवार्ता के दौरान एसपी विनय तिवारी ने कहा कि पांच दिन पूर्व कर्पूरीगा्रम थानाध्यक्ष के खिलाफ शिकायत मिली थी। इसमें कर्पूरीग्राम थाना में कुछ गड़बड़ होने की सूचना के साथ-साथ शराब की बरामदगी को लेकर गड़बड़ी करने की कुछ सूचना भी मिली थी।

साथ ही शराब माफियाओं से थानाध्यक्ष की संलिप्तता और शराब माफियाओं को बचाने का भी प्रयास करने की सूचना मिली थी।

एसपी ने बताया कि ऐसी सूचना मिलने के बाद इससे गंभीरता से लेते हुए समस्तीपुर सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय को पूरे मामले की जांच करने का आदेश दिया गया। जांच में यह मामला सही पाया गया। इस मामले में एसडीपीओ के द्वारा जांच प्रतिवेदन भी समर्पित किया गया है।

जिसके बाद कर्पूरीग्राम थानाध्यक्ष अनिशा सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही विभागीय कारवाई भी की जा रही है।

बतादें कि मुफस्सिल थाना से दस पंचायतों को काटकर कर्पूरीग्राम थानाध्यक्ष बनाया गया था। पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की जयंती के अवसर पर 24 जनवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा इस थाना का उद्घाटन किया गया था।

जिसके बाद एसपी विनय तिवारी ने रोसड़ा थाना में कार्यरत एसआई अनिशा सिंह की पोस्टिंग पहली थानाध्यक्ष के रुप में की थी।





