यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। देश के हरियाणा राज्य के करनाल के तराबाड़ी में तीन मंजिला राइस मिल के ध्वस्त होने के कारण समस्तीपुर के चार मजदूरों की मौत हो गयी, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रुप से जख्मी हो गए। मरने वाले सभी मजदूर विभूतिपुर प्रखंड के विभिन्न गांव हैं। वहीं जख्मी में शिवाजीनगर प्रखंडके रानीपरती गांव के सात लोगों के अलावे विभूतिपुर प्रखंड के विभिन्न गांव के मजदूर शामिल हैं। जिसका इलाज हरियाणा के करनाल स्थित अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित के गांव में कोहराम मच गया है।

विभूतिपुर प्रखंड क्षेत्र के सिरसी कामास्थान, एकडारा, भुसवर और सुरौली गांव के चार मजदूरो की मौत हो गयी। जबकि चार मजदूर घायल है जिनका उपचार जारी है। ये सभी मजदूर ठेकेदार के अंदर ताराबाड़ी में शिव शक्ति राईस मिल में काम करते थे। मरने वाले में विभूतिपुर थाना क्षेत्र के महथी दक्षिण पंचायत के सिरसी वार्ड नंबर 4 कामास्थान के नारायण सदा के 18 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार सदा, एकडारा निवासी स्व हरे कृष्ण महतो का 19 वर्षीय पुत्र अवधेश कुमार, सुरौली बाबनघाट निवासी डोमन महतो का 24 वर्षीय पुत्र संजय कुमार तथा भुसवर निवासी स्व बेचन दास का का 25 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार की मौत होने की जानकारी परिजनों को दी गयी।

जख्मी में शिवाजीनगर प्रखंड के रानीपरती वार्ड 09 के पूरन सदा का पुत्र हीरा सदा (27), बुधन सदा का पुत्र सूरज सदा (20), दिलीप सदा का पुत्र सीताराम सदा (22), गुलट सदा का पुत्र जितेन्द्र सदा (19) व छोटू सदा (22), मंगल सदा का पुत्र वकील सदा (25) तथा गणेशी सदा का पुत्र राकेश सदा (22) शामिल है। इसमें छोटू सदा की हालत गंभीर बतायी जा रही है।

वहीं विभूपुर के रीतलाल सदा, अशोक सदा, विन्देश्वर सदा, संतोष कुमार घायल हो गए हैं, जिनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही सभी गांव में मातम छा गया है। परिवार के लोगों का रो-रो का बुरा हाल है। फिलहाल घायलों की चिकित्सा करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में करायी जाने की सूचना परिजनों को मिली है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही जख्मी के परिजनों व ग्रामीणों में मायूसी छा गयी है। लोग मोबाइल के माध्यम जख्मी लोगों का हालचाल ले रहे थे।

विभूतिपुर सीओ अशोक कुमार यादव ने बताया कि विभूतिपुर के चार मजदूर के बिल्डिंग के छत के नीचे दबकर मौत की सूचना मिली है। वही चार लोगों के घायल होने की भी सूचना मिल रही है। जिसका रिपोर्ट वरीय पदाधिकारी को भेजा जा रहा है। रोसड़ा एसडीओ मो मुस्तकीम ने बताया कि शिवाजीनगर व विभूतिपुर के सीओ से पूरी रिपार्ट मांगी गयी है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सहायता राशि दी जाएगी।

मिली जानकारी के मुताबिक करनाल के तरावड़ी स्थित शिव शक्ति राइस मिल की तीन मंजिला बिल्डिंग तड़के 3:30 बजे अचानक गिर गई। बिल्डिंग गिरने से करीब 20 से ज्यादा मजदूर मलबे में फंस गए जबकि चार मजदूरों की मौत हो गई है। यह घटना तब हुई जब मजदूर मिल के अंदर ही सो रहे थे। इस हादसे में कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

यह संभावना जतायी जा रही है मिल के मलबे में कई कर्मचारी दबे हो सकते हैं। कई राइस मिल कर्मियों के मलबे में दबे होने की आशंका है। फायर ब्रिगेड, पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। जेसीबी के जरिए इमारत के मलबे को हटाने का प्रयास किया जा रहा है।





