समस्तीपुर नगर निगम की कार्यशैली पर उप मेयर ने उठाया सवाल, सौंपा ज्ञापन

यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर नगर निगम में अंदर तहखाने में सब ठीक नहीं लग रहा है। जिसके कारण मेयर और उप मेयर के बीच भी समिति गठन के बाद ही विरोधाभास भी चलने लगा। बोर्ड के गठन के कई महीने बाद भी योजनाओं के शुभारंभ नहीं होने पर खींचतान भी शुरू हो गया है। जिसके कारण उप मेयर रामबालक पासवान ने नगर निगम की कार्यशैली पर ही सवाल उठाया है।

समस्तीपुर नगर निगम के उप मेयर रामबालक पासवान ने नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाया है। इस संबंध में मेयर व नगर आयुक्त को अलग अलग ज्ञापन सौंपा है।

इसमें उन्होंने कहा है कि नगर निगम बोर्ड के गठन के तीन माह गुजर जाने के बाद भी शहर में कोई योजना का शुभारंभ नहीं किया गया है। इससे आम लोगों में जनआक्रोश पनप रहा है। ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि नगर निगम बोर्ड का गठन होने के अब तक मात्र एक बार ही बोर्ड की बैठक बुलायी है जिसमें शहर को जलजमाव से बचाने के लिए नालों की उड़ाही कराने का निर्णय लिया गया था।

लेकिन अब तक उक्त काम लंबित है। इसके अलावा शहर में नालों के टूटे स्लैबों की मरम्मत कराने, नालों की मरम्मत कराने, नालों के पानी की जमुआरी व गंडक नदी में बहाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय भी लिया गया था।

लेकिन अब तक कोई काम नहीं हुआ है। जबकि जल्द ही बरसात का भी मौसम आने वाला है। ज्ञापन में उप मेयर ने यह भी कहा है कि नगर निगम में शामिल किये गये ग्रामीण इलाकों में नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तक कर वसूली नहीं करने का निर्णय बोर्ड की बैठक में लिया गया था, लेकिन उसका भी पालन नहीं किया जा रहा है। इन कारणों से नगर के लोगों में नगर निगम के प्रति रोष है।

जिसका खामियाजा वार्ड पार्षदों व अन्य को भुगतना पड़ सकता है। बता दें कि समस्तीपुर नगर निगम क्षेत्र में बारिश के दौरान पिछले साल कई महीनों तक जलजमाव की स्थिति बनी रहे। मानसून से पूर्व अगर नालों की उड़ाई एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो मानसून समय शहर में फिर से जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *