यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर/सिंघिया। समस्तीपुर जिले के सिंघिया ब्लॉक के विष्णुपुर डीहा पंचायत के करही गांव मे रसोई गैस सिलेंडर में आग लगने से पांच घर जल कर राख हो गये। वहीं दो घर को भी आंशिक रूप से क्षति पहुंची। अगलगी की इस घटना में पीड़ितों के घर के अलावा सभी सामान स्वाहा हो गये।

मिली जानकारी के अनुसार रात करीब दस बजे श्यामसुंदर साहू की पत्नी किरण देवी घर में खाना बना रही थी। उसी दौरान रसोईगैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। जिसके बाद वह चिल्लाते हुए घर से बाहर भागी। लोग जब तक पहुंचते गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया।

जिसके धमाके की आवाज से एक किमी तक के गांवों में अफरातफरी मच गयी। इधर, श्याम सुंदर के घर के अअलावा आसपास के अन्य घर भी आग की चपेट में आकर धू धू कर जलने लगे। सूचना पर सिंघिया तथा रोसड़ा से आये अग्निशमन दस्ते की टीम ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक श्याम सुंदर साहू, अजय साहू, अशोक साहू, विजय साहू, प्रमोद साहू का घर जलकर राख हो चुका था। इसके अलावा दो घरों को आंशिक क्षति पहुंची।

अंचल पर्यवेक्षक सुभाष मिश्र ने बताया कि मुखिया ने सात घर जलने की बात कही है, लेकिन जांच में पांच घर ही जलने की पुष्टि हुई है। सभी को सरकारी सहायता देने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। घटना सोमवार रात की है।






