यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के केवस निजामत गांव में महादेव स्थान के पास अनियंत्रित पिकअप एक चाय दुकान में घुस गई। इस घटना में चाय दुकानदार के 5 वर्षीय पुत्र अंतरिक्ष गिरी की कुचल कर मौत हो गई। घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने शव के साथ समस्तीपुर रोसड़ा पथ को लखी चौक के पास जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान लोगों ने पिकअप से कूद कर भाग रहे पिकअप के चालक और खलासी को पकड़ लिया और पास के पोल में बांधकर जमकर पिटाई की।

इधर घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर सदर अस्पताल ले जा रही थी तभी आक्रोशित भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया । भीड़ के द्वारा वाहन पर पथराव किया गया । जिसमें पुलिस वाहन का शीशा टूट गया । इसमें एक महिला पुलिस कर्मी और चालक जख़्मी हो गया ।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि अनुज गिरी अपनी चाय दुकान में ग्राहकों को चाय दे रहे थे । इसी दौरान एक अनियंत्रित पिकअप उनकी चाय दुकान में घुस गई। इस घटना में ग्राहक तो बाल-बाल बच गए लेकिन चाय दुकानदार का 5 वर्षीय पुत्र अंतरिक्ष कुमार पिकअप की चपेट में आ गया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

बाद में प्रखंड प्रशासन द्वारा दाह संस्कार के लिए 20 हजार पीड़ित परिवार को दिया गया। जिसके बाद सड़क जाम समाप्त करा शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।





