हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े, यही क्लीक करें
जहानाबाद। जहानाबाद जिले के घोसी थाना के ओकरी ओपी के अनतपुर गांव के पास वाहन चेकिंग के दौरान एएसआई ने बाइक सवार युवक को गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया। जख्मी युवक सुधीर कुमार (20) नालंदा के कोरथू निवासी रविंद्र प्रसाद यादव का पुत्र है। वह हिलसा के निजी अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वही घटना के बाद आरोपी जमादार को भी हिरासत में लेते हुए एसपी दीपक रंजन ने पूरी टीम को निलंबित कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार सुधीर बाइक से बाजार जा रहा था। इसी दौरान अनतपुर के पास पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। सुधीर के पास लाइसेंस नहीं था। इससे वह भागने लगा तभी एएसआई ने गोली मार दी। इधर, एएसआई मुमताज अहमद को एसपी के आदेश पर हिरासत में लिया गया है। एसडीपीओ अशोक पांडेय व घोसी के सर्किल इंस्पेक्टर की जांच में मुमताज के गोली चलाने की पुष्टि हुई है। घटना मंगलवार की है।

इधर, मंगलवार की सुबह वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस की गोली से घायल युवक सुधीर कुमार जीवन और मौत के बीच झूल रहा है। नालन्दा जिला के तेल्हारा थाना अंतर्गत कोरथु गांव के निवासी रविंद्र प्रसाद यादव के पुत्र सुधीर का इलाज नालंदा जिला के ही हिलसा स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में कराया जा रहा है।

क्लीनिक के डायरेक्टर के अनुसार युवक के सीने में गोली लगी हुई थी जो आंत को क्षति करते हुए फंसी हुई थी। गोली निकाल दी गई है, लेकिन अगले 72 घंटे तक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस अवधि के सकुशल बीत जाने के बाद ही युवक के जीवन के बारे में कहा जा सकता है।

घटना के संबंध में घायल युवक के पिता रविंद्र प्रसाद यादव ने कहा है कि उनका पुत्र सुधीर मंगलवार की सुबह में नई गाड़ी से सामान की खरीदारी करने के लिए जहानाबाद के बंधुगंज बाजार की ओर जा रहा था। अनंतपुर गांव के समीप ओकरी ओपी की पुलिस के द्वारा वाहनों की चेकिंग की जा रही थी उनके बेटे के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। इस वजह से पुलिस को देखकर और फाइन से बचने के लिए संभवत उसने भागने की कोशिश की। उसी दौरान पुलिस ने उसे गोली मार दी।





