हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े, यही क्लिक करें
समस्तीपुर। समस्तीपुर नगर निगम में बजट अनुमोदन को लेकर बुलायी गयी बोर्ड की बैठक को लेकर मंगलवार को दिन भर हाई वोल्टेज ड्रामा होता रहा। इस दौरान अधिकांश वार्ड पार्षदों ने बजट अनुमोदन के लिए बुलायी गयी बैठक का बहिष्कार करते हुए महापौर एवं नगर आयुक्त का भी घेराव किया। इस दौरान महापौर अनीता राम ने पहले कोरम पूरा करने एवं बजट पास करने की बात कही। जिसके बाद वार्ड पार्षदों ने नगर आयुक्त से बोर्ड के कोरम पूरा होने एवं बजट के पास होने की कार्यवाही पुस्तिका दिखाने पर अड़ गए। लेकिन नगर आयुक्त ने कहा कि मेरे पास कोई पंजी नहीं है।

पहले जहां महापौर अनीता राम एवं उप महापौर राम बालक पासवान ने कोरम पूरा होने की बात कही। साथ ही बजट प्रस्ताव पारित होने का दावा भी किया गया, लेकिन बाद में नगर निगम के नगर आयुक्त ने बैठक के स्थगित होने एवं अगली बैठक की तिथि निर्धारित करते हुए पत्र जारी कर दी है।

नगर आयुक्त के द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि वित्तिय वर्ष 2023-24 से संबंधित बजट अनुमोदन करने के लिए 28 मार्च को कर्पूरी सभागार में बैठक आहुत की गयी थी। कोरम पूरा नहीं होने के कारण महापौर द्वारा निर्धारित बैठक को स्थगित करने का निर्णय लिया गया।

महापौर के निर्णय के आलोक में बिहार नगर पालिका अधिनियम 2007 की धारा 50 थ्री में निहीत प्रावधानान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 से संबंधित बजट अनुमोदन करने के लिए नगर निगम समस्तीपुर बोर्ड की स्थगित बैठक पुन: 31 मार्च को 11 बजे से कर्पूरी सभागार में आहुत की गयी है।
नगर आयुक्त ने पत्र की प्रतिलिपी उप महापौर, सभी वार्ड पार्षदों, सांसदों, विधायक, विधान पार्षद, डीएम, आयुक्त एवं अपुर मुख्य सचिव नगर विकास विभाग को भी भेजी गयी है।






