हमसे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े, यहां क्लिक करें
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले में लगातार हो रही बैंक लूट की घटना पर रोक लगाने के लिए पुलिस सुरक्षा की नयी रणनीति बनाने में जुट गयी है। इस संबंध में एसपी विनय तिवारी ने सभी थानाध्यक्षों को विशेष निर्देश भी जारी किया है। हालांकि कुछ पूर्व भी क्राइम मीटिंग में गश्ती के दौरान बैंकिंग प्रतिष्ठानों की जांच व सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने की जिम्मेदारी थानाध्यक्षों को दी गयी थी। इसके बावजूद पूसा थाना क्षेत्र के महमदा में 24 मार्च को दिनदहाड़े दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक से लूट की घटना हुई।

जिसको देखते हुए अब फिर से रणनीति बनायी जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार बैंको की सुरक्षा के लिए बैंकों की पूरी जानकारी जुटायी जा रही है। यह जानकारी इकठ्ठा की जा रही है कि बैंक कहां कहां और किस किस तरह के भवन में स्थित है। इसके साथ ही शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में वैसे भवनों को भी चिंहित कर सूची बनाने का निर्देश दिया गया है जिसमें एक या एक से अधिक बैंक, निजी बैंक, फाईनेंस कंपनी, माइक्रो फाईनेंस कंपनी, सीएसपी आदि संचालित हो रहे हैं।

इसकी भी सूची तैयार करते हुए उसकी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने का आदेश दिया गया है। इसके तहत समस्तीपुर शहरी क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम बैंकिंग वाले भवनों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी पुलिस टीम के द्वारा लिया गया।

लाखों व करोड़ों के व्यवसाय केबावजूद बैंक प्रबंधन के द्वारा सुरक्षा के नाम पर कोई व्यवस्था नहीं की गयी है। जिसके कारण इन बैंकों एवं ग्राहकों की सुरक्षा पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।






