दलसिंहसराय सीओ के कब्रिस्तान संबंधी भ्रामक प्रतिवेदन पर डीएम नाराज, एसडीएम करेंगे जांच

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। डीएम योगेंद्र सिंह के द्वारा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के कब्रिस्तान घेराबंदी योजना की समीक्षा समाहरणालय सभा कक्ष में उपस्थित जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं वीसी से जुड़े पदाधिकारीयों के साथ की गई । जिले में प्राथमिकता सूची के 350 कब्रिस्तानों में से 267 कब्रिस्तानों की घेराबंदी पूर्ण की जा चुकी है। 09 कब्रिस्तान एकरारनामा की प्रक्रिया में है। कल्याणपुर अंचल के वीरसिंहपुर, परतापुर, झौहरी कब्रिस्तान, हसनपुर अंचल के मोहिउद्दीन कब्रिस्तान, सिरसिया कब्रिस्तान एवम् हसनपुर कब्रिस्तान, दलसिंहसराय अंचल में नवादा अंतर्गत 03 कब्रिस्तान जो एकरारनामा की प्रक्रिया में हैं, की समीक्षा की गई। इस दौरान डीएम के द्वारा कार्यपालक अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन 01 को अविलंब एकरारनामा की प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए निर्देश दिया गया। दलसिंहसराय सीओ को कब्रिस्तान संबंधी भ्रामक प्रतिवेदन दिए जाने के कारण नाराजगी व्यक्त की गई। साथ ही वीसी के माध्यम से जुड़े अनुमंडल पदाधिकारी, दलसिंहसराय को नवादा कब्रिस्तान के संबंध में जांच कर स्पष्ट प्रतिवेदन देने हेतु निर्देशित किया गया।


हसनपुर के मोहिउद्दीन नगर कब्रिस्तान से अतिक्रमण हटाने का निर्देश जिला पदाधिकारी के द्वारा अंचल अधिकारी हसनपुर को दिया गया। वीसी से जुड़े अनुमंडल पदाधिकारी रोसड़ा, को इस संबंध में निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी के द्वारा स्पष्ट रूप से कार्यपालक अभियंता स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन 01 और 02 को निर्देशित किया गया कि कोई भी कब्रिस्तान एकरारनामा की प्रक्रिया में लंबित नहीं रहना चाहिए।
वर्तमान में 16 कब्रिस्तानों में कार्यादेश निर्गत है लेकिन काम शुरू नहीं हुआ है। इस पर जिला पदाधिकारी के द्वारा संबंधित अभियंताओं को कड़ा निर्देश देते हुए अविलंब कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया गया। जिले में कुल निर्माणाधीन कब्रिस्तान 35 हैं, इसमें 10 कब्रिस्तान कार्यपालक अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन 01 एवम् 25 कब्रिस्तान कार्यपालक अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन 02 के हैं, इसे अविलंब शुरू कराने का निर्देश जिला पदाधिकारी के द्वारा दिया गया एवम् कार्यपालक अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन 01 के कार्य शैली पर नाराजगी व्यक्त की गई।


इस बैठक में अपर समाहर्ता अजय तिवारी, राजस्व प्रभारी पवन कुमार मंडल, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी सुनीता सोनू, कार्यपालक अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन 01, बैरिस्टर राम, कार्यपालक अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन 02, मनीष कुमार एवम् सहायक अभियंता तथा वीसी के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी, कनीय अभियंता एवम् अन्य जुड़े हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *