हाइवा की ठोकर से ऑटो सवार पांच लोगों की मौत, सीएम ने जताया शोक

मधेपुरा।  मधेपुरा जिला के चौसा- उदाकिशनगंज स्टेट हाईवे 58 पर घोषई डाकघर के पास सोमवार को तड़के हाईवा की ठोकर से टेंपो में सवार पांच लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक सहरसा जिले के निवासी थे। दुर्घटना में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। उन्हें भागलपुर रेफर कर दिया गया। लोगों ने स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग को लेकर सात घंटे आवागमन बाधित कर दिया। सीएम ने इस घटना शोक जताया है। सहरसा के बसनही थाना अंतर्गत भद्दी दुर्गापुर से सोमवार को तड़के करीब साढ़े तीन बजे एक टेंपो में सवार हो कर 13 लोग गंगा स्नान करने महादेवपुर घाट भागलपुर जा रहे थे। उदाकिशुनगंज -चौसा स्टेट हाईवे 58 पर विपरीत दिशा से जा रहे हाईवा ट्रक ने दूसरे ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान टेंपो में ठोकर मार दी। इससे टेंपो के परखच्चे उड़ गए। टेंपो सवार सहरसा जिले के भद्दी दुर्गापुर के स्व. तिलकेश्वर मंडल के पुत्र कैलाश मंडल (55), स्व. मदन राम के पुत्र राधे राम (65), स्व. तिलक सहनी के पुत्र राजा सहनी (30) और हीरालाल मंडल के पुत्र धीरेंद्र मंडल (34) की मौके पर मौत हो गई। भद्दी दुर्गापुर गांव के राजू मंडल की पत्नी सुहागा देवी, स्व. जगदीश मंडल के पुत्र शत्रुघ्न मंडल, राजू मंडल के पुत्र रमेश मंडल व रमेश मंडल की पत्नी रेनू देवी सहित आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। स्वास्थ्य केंद्र चौसा में इलाज के दौरान सुहागा देवी (55) की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *