समस्तीपुर। शहर के आरएसबी इंटर विद्यालय परिसर में शनिवार को जिला स्तरीय टीएलएम मेला का आयोजन किया गया। इस टीएलएम मेला का डीईओ मदन राय, डीपीओ स्थापना नरेंद्र कुमार सिंह, डीपीओ एसएसए मानवेन्द्र कुमार राय सहित अन्य द्वारा दीप जलाकर विधिवत उद्घाटन किया गया। मेले में सभी प्रखंड से चयनित प्रतिभागी शिक्षक शामिल हुए। बताया गया कि प्रखंड स्तर पर आयोजित टीएलएम मेला में चयनित प्रतिभागी शिक्षक जिला स्तरीय टीएलएम मेला में शामिल हुए हैं। जिला स्तर पर आयोजित टीएलएम मेला में अलग अलग प्रखंड के लिए अलग अलग स्टॉल लगाए गए थे। जहां शिक्षकों द्वारा एक से बढ़कर एक टीएलएम का प्रदर्शन किया गया। निर्णायक मंडल के सदस्य प्रिंसिपल तेज नारायण प्रसाद, व्याख्याता मो रिजवान अंसारी, डॉ रामनगीना रजक, डॉ सुधीर कुमार, शिवचन्द्र राय शामिल थे।मंच संचालन शिक्षक विनोद कुमार विमल ने किया। मौके पर एपीओ रमण कुमार पासवान, शिक्षक गगन कुमार आदि ने कार्यक्रम में सहयोग किए।
जिला स्तरीय टीएलएम मेला में एक से बढ़कर एक रोचक टीएलएम की प्रदर्शनी शिक्षकों द्वारा लगाई गई । डीईओ मदन राय ने बताया कि वर्ककक्ष में जब टीएलएम का उपयोग करके किसी पाठ को पढ़ाया जाता है तो वह बच्चों के लिए सरल बन जाता है । बच्चे उत्साह के साथ शिक्षण गतिविधि में शामिल होते हैं जिससे किसी भी विषय के पाठ की अवधारणा को वह सरलता के साथ सीख जाते हैं। वहीं डीपीओ एसएसए मानवेन्द्र कुमार राय ने बताया कि वर्ग कक्ष को बच्चों के लिए आनंददायक बनाने में टीएलएम की महत्वपूर्ण भूमिका है। साथ ही बताया कि किसी भी जटिल से जटिल अवधारणा को टीएलएम की मदद से सरलता के साथ वर्ककक्ष में प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि टीएलएम मेला आयोजित करने से सृजनात्मकता को बढ़ावा मिलता है साथ ही यह नवाचार को बढ़ावा देता है।







