समस्तीपुर। समस्तीपुर जिला प्रशासन के तत्वावधान शनिवार को शहर के स्थानीय जननायक कर्पूरी ठाकुर सभागार में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता अनुमंडल अधिकारी रविंद्र कुमार दिवाकर ने की। कार्यक्रम का उद्घाटन समस्तीपुर नगर निगम की मेयर अनीता राम, जिला परिषद उपाध्यक्ष अंजना कुमारी, एसडीओ सदर आरके दिवाकर ने दीप जला कर किया। समारोह का संचालन एचएम मुकेश कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रथम सत्र में “परिवर्तित सामाजिक संदर्भ में नारी सशक्तिकरण” विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें प्रमुख वक्ता के रूप में मेयर अनिता राम, जिप उपाध्यक्ष अंजना कुमारी, डा अमृता, श्वेता अग्रवाल, डॉ सलिहा सिद्दीकी, सीडीपीओ संगीता कुमारी, थानाध्यक्ष अनीशा सिंह, डीपीओ अलका आम्रपाली आदि ने अपना विचार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डीपीएम महिला एवं बाल विकास निगम सह सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग की ओर से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत मैट्रिक एवं इंटर में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा वसुंधरा राज, सलोनी कुमारी, अमिता कुमारी एवं सलोनी मधुलिका को ₹5000 का चेक प्रोत्साहन राशि के रूप में प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं के द्वारा भव्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत साक्षी रितु के स्वागत गान से हुआ। इसके बाद उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बेला पंचरुखी की आयुषी व साथी, नटराज डांस एकेडमी, अनुप्रिया एवं साथी, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय समस्तीपुर, एक के ग्रुप, संजना जायसवाल आदि ने एक से एक बढ़कर रिकॉर्डिंग ग्रुप डांस प्रस्तुत किया। इस अवसर पर ऑल राउंडर एक्टिंग ग्रुप ने सृष्टि सुमन व अवनी शर्मा के द्वारा सम सामयिक विषय ‘मत मारो बेटी को’ पर मर्मस्पर्शी लघु नाटिका मंचन किया गया,जिसका निर्देशन सृष्टि सुमन ने किया।अंत में अपने उद्बोधन में एसडीओ सदर ने कहा कि आज हमने कदम बढ़ाया है, किंतु नारी सशक्तिकरण के लिए आबादी के अनुपात में उपस्थिति दर्ज करने हेतु आगे भी बहुत कुछ करना है। सरकार इसके लिए तत्पर है और जिला प्रशासन समस्तीपुर नारी शक्ति का सम्मान करते हुए उसे आगे बढ़ाने हेतु कृत संकल्पित है।







