समस्तीपुर में 80 स्टॉलों पर सात राज्यों के हथकरघा उत्पादों की प्रदर्शनी, अब तक 23 लाख रुपये की हुई बिक्री

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर शहर के हाउसिंग बोर्ड जितवारपुर मैदान में आयोजित स्टेट हैंडलूम एक्सपो (हथकरघा मेला)-2026 का शुभारंभ गुरुवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन के पश्चात जिला पदाधिकारी ने मेला परिसर में लगाए गए सभी 80 स्टॉलों का क्रमवार निरीक्षण किया तथा विभिन्न राज्यों से आए बुनकरों एवं उद्यमियों के उत्पादों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता, विविधता एवं उनकी विशेषताओं की जानकारी भी प्राप्त की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि हथकरघा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक हुनर का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से बुनकरों एवं हस्तशिल्पियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का बेहतर अवसर मिलता है।

साथ ही स्थानीय लोगों को देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक एवं उत्कृष्ट उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध होते हैं। उन्होंने बुनकरों को प्रोत्साहित करते हुए ऐसे आयोजनों को आत्मनिर्भर भारत एवं स्वरोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

इस एक्सपो में कुल 80 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गुजरात एवं जम्मू-कश्मीर के बुनकरों और उद्यमियों ने अपने पारंपरिक हथकरघा उत्पादों को प्रदर्शित किया है। साड़ियों, सूती एवं ऊनी वस्त्रों सहित विभिन्न प्रकार के आकर्षक उत्पाद मेले के प्रमुख आकर्षण हैं। आयोजकों के अनुसार, मेले में अब तक लगभग 23 लाख रुपये की बिक्री हो चुकी है, जो इसकी लोकप्रियता और ग्राहकों के बढ़ते रुझान को दर्शाता है।

वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के विकास आयुक्त (हथकरघा), नई दिल्ली के सौजन्य से आयोजित यह एक्सपो द बिहार स्टेट शीप एंड वूल वीवर्स को-ऑपरेटिव यूनियन लिमिटेड, उद्योग विभाग, बिहार सरकार, पटना के नियंत्रणाधीन आयोजित किया जा रहा है। यह मेला अगले 15 दिनों तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा।

मौके पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार, बिहार शीप एंड वूल की प्रबंध निदेशक शैलजा, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र विवेक कुमार शर्मा, डीआईसी परियोजना प्रबंधक राहुल, साहित्यकार अजय मिश्रा, धनंजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक सुभीत कुमार सिंह ने किया।

*छठ की खरीदारी करने निकले 20 वर्षीय छात्र की संदिग्ध हालत में मौत, पिता ने लगाया हत्या का आरोप – Doorbeen News*

छठ की खरीदारी करने निकले 20 वर्षीय छात्र की संदिग्ध हालत में मौत, पिता ने लगाया हत्या का आरोप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *