छठ की खरीदारी करने निकले 20 वर्षीय छात्र की संदिग्ध हालत में मौत, पिता ने लगाया हत्या का आरोप

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर: समस्तीपुर शहर में छठ की खरीदारी करने निकले 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार देर शाम युवक मगरदही मोहल्ला स्थित पीएनटी कॉलोनी के पास सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिला था। परिजन उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के शरीर पर कई जगह जख्म के निशान और नाक से खून निकलने की बात सामने आई है। मृतक के पिता ने मारपीट कर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मृतक की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर निवासी दवा दुकानदार अनिमेष कुमार के पुत्र आकाशदीप कुमार के रूप में हुई है। वह स्नातक पार्ट-वन का छात्र था।

खरीदारी के लिए बाजार आया था आकाशदीप

मृतक के चाचा मनीष कुमार राय ने बताया कि आकाशदीप बुधवार को छठ महापर्व की तैयारी के लिए खरीदारी करने समस्तीपुर बाजार आया था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग उसकी तलाश करने लगे। इसी दौरान समस्तीपुर में उसके साथ पढ़ने वाली एक छात्रा ने वीडियो भेजकर सूचना दी कि आकाशदीप पीएनटी कॉलोनी के पास बेहोशी की हालत में पड़ा है।

सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने आकाशदीप को गंभीर हालत में देखा। उसके शरीर पर कई जगह जख्म के निशान थे और नाक से खून निकल रहा था। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पिता बोले- बेटे की बेरहमी से हत्या की गई

आकाशदीप के पिता अनिमेष कुमार ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। उन्हें यह भी जानकारी नहीं है कि किसने उनके बेटे के साथ ऐसी घटना को अंजाम दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे की बेरहमी से हत्या करने के बाद उसे पीएनटी कॉलोनी के पास फेंक दिया गया। पिता ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

नगर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अजीत कुमार सिंह ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

उन्होंने बताया कि मामला नशे या किसी पुराने विवाद से जुड़ा हो सकता है। पुलिस परिजनों की ओर से लगाए गए हत्या के आरोप सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल मौत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

*छठ महापर्व को लेकर घाटों की सफाई शुरू, स्वच्छता कर्मियों ने संभाली कमान – Doorbeen News*

छठ महापर्व को लेकर घाटों की सफाई शुरू, स्वच्छता कर्मियों ने संभाली कमान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *