व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर : समस्तीपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय बेला पंचरुखी में मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत शनिवार को सुरक्षित शनिवार एवं बैगलेस डे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन फोकल शिक्षिका बीवी शकीला रहमान ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और जीवन सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
फोकल शिक्षिका ने स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए इसे स्वस्थ जीवन का आवश्यक हिस्सा बताया। उन्होंने बच्चों को अपने दैनिक जीवन में साफ-सफाई की आदत अपनाने और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।
हाथ धोने से लेकर कचरा प्रबंधन तक की दी जानकारी
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक ने कहा कि व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ पीने के पानी, शौचालय और रसोईघर की सफाई पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने माहवारी स्वच्छता, हाथ धोने के सही तरीके और कचरा प्रबंधन के बारे में भी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि गंदगी से बचाव के लिए स्वच्छता की समझ, सही तैयारी और सतर्कता आवश्यक है। वहीं, शिक्षक विमल कुमार साह ने स्वच्छता एवं जीवन सुरक्षा से संबंधित मॉक ड्रिल कराकर विद्यार्थियों को व्यावहारिक जानकारी दी।
अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में बच्चों के विकास पर चर्चा
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में ‘स्वच्छता हमारी संस्कृति’ थीम पर वर्गवार अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें अभिभावकों ने विद्यालय की गतिविधियों और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर अपने विचार रखे। उन्होंने इस तरह की संगोष्ठी के नियमित आयोजन को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बाल संसद, मीना मंच, यूथ क्लब, इको क्लब के सदस्यों और शिक्षा सेवक कैलाश सदा सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।

मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांची
इसी दौरान मध्याह्न भोजन साधनसेवी संतोष कुमार धीरज ने विद्यालय में तैयार गर्म पके भोजन की गुणवत्ता का औचक निरीक्षण किया। जांच के बाद उन्होंने भोजन की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही रसोइया सह सहायकों के मानदेय भुगतान से संबंधित जिज्ञासाओं का भी समाधान किया।


*राष्ट्रीय एकता दिवस पर विद्यार्थियों ने लिया देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प – Doorbeen News*
राष्ट्रीय एकता दिवस पर विद्यार्थियों ने लिया देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प









