व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk : मुसरीघरारी चौराहा पर शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े चार लाख रुपये की लूट ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है। पुराने थाना के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने बैंक से रुपये निकालकर ऑटो का इंतजार कर रहे व्यक्ति का झोला छीन लिया। हैरानी की बात है कि वारदात स्थल से महज 10 कदम की दूरी पर डायल 112 की गाड़ी खड़ी थी, फिर भी बदमाश बेखौफ वारदात कर पुलिस के सामने से ही सातनपुर की ओर फरार हो गए।
पीड़ित की पहचान बरबट्टा गांव निवासी संतोष रजक, पिता सतहु रजक के रूप में हुई है। उन्होंने मुसरीघरारी थाने में लिखित आवेदन दिया है।


आवेदन के अनुसार, शुक्रवार दोपहर संतोष ने पहले स्टेट बैंक से 2 लाख और फिर यूनियन बैंक से 2 लाख रुपये निकाले। कुल 4 लाख रुपये झोले में रखकर वे पैदल पुराने थाना के पास पहुंचे और ऑटो पकड़ने के लिए खड़े थे। तभी बाइक पर सवार दो युवक आए। पीछे बैठे युवक ने उनके हाथ से झोला छीनने की कोशिश की।
संतोष ने हिम्मत दिखाते हुए झोला मजबूती से पकड़ लिया। बाइक आगे बढ़ती रही और वे झोला पकड़े काफी दूर तक बदमाशों के साथ घिसटते रहे। जब झोला नहीं छूटा तो पीछे बैठे बदमाश ने पैर से प्रहार किया और बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। आखिरकार झोला छूट गया और बदमाश रुपये लेकर फरार हो गए।


पुलिस के सामने से भागे बदमाश : घटना के बाद पीड़ित दौड़कर 10 कदम आगे खड़ी डायल 112 की गाड़ी के पास पहुंचे और पूरी बात बताई। पुलिस ने पीछा भी किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। स्थानीय लोगों के अनुसार बदमाश डायल 112 की गाड़ी के सामने से ही पूर्व दिशा में भागे।
बैंक के आसपास सुरक्षा बढ़ाने की मांग : व्यस्त चौराहे और पुराने थाना के पास दिनदहाड़े लूट से लोगों में दहशत है। लोगों का कहना है कि बैंक से निकलने वालों को टारगेट किया जा रहा है। बैंक परिसर और चौराहों पर गश्ती व सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई जाए।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन मिला है, मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।



*सरायरंजन में अपराधियों ने गोली मारकर की अंधेड़ की हत्या, गांव में पसरा मातम – Doorbeen News*
सरायरंजन में अपराधियों ने गोली मारकर की अंधेड़ की हत्या, गांव में पसरा मातम





