व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर में गुरुवार देर शाम पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल मनीष सिंह गोली लगने से जख्मी हो गया। गोली उसके दाहिने पैर में लगी है। पुलिस ने घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।
मनीष सिंह कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के नीरपुर का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ समस्तीपुर सहित उत्तर बिहार के कई जिलों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हत्या, अपहरण और रंगदारी समेत दर्जनों मामलों में आरोपी
पुलिस के मुताबिक, मनीष सिंह जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल है। उसके खिलाफ समस्तीपुर, वैशाली और बेगूसराय समेत उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों में हत्या, अपहरण, रंगदारी और लूट जैसी संगीन वारदात से संबंधित दर्जनों मामले दर्ज हैं।
गुरुवार देर शाम गंगापुर में हुई मुठभेड़ के दौरान वह जख्मी हो गया। इसके बाद पुलिस उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंची।
घायल अपराधी को देखने सदर अस्पताल पहुंचे डीएसपी
मुठभेड़ में मनीष सिंह के घायल होने और उसे सदर अस्पताल लाए जाने की जानकारी मिलते ही सदर डीएसपी सतीश सुमन अस्पताल पहुंचे।
उनके साथ नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह सहित कई वरीय पुलिस पदाधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद अस्पताल परिसर में पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी बनी रही।

गंगापुर में पुलिस कर रही कैंप, घटना की जांच जारी
मुठभेड़ के बाद मुसरीघरारी थाने की पुलिस गंगापुर स्थित घटनास्थल पर कैंप कर रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
मुठभेड़ किन परिस्थितियों में हुई और घटनाक्रम के दौरान क्या-क्या हुआ, इसकी विस्तृत आधिकारिक जानकारी अभी सामने आनी बाकी है।


*समस्तीपुर में बूढ़ी गंडक नदी किनारे मिला अज्ञात किशोरी का शव, इलाके में सनसनी; पहचान कराने में जुटी पुलिस – Doorbeen News*










One Comment