जदयू से छह साल के लिए निष्कासित हुए अनंत सिंह, विधानसभा सदस्यता खत्म करने के लिए स्पीकर को लिखा पत्र

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk : पटना। जदयू ने मोकामा विधायक अनंत सिंह के खिलाफ बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने इस संबंध में आदेश जारी किया। इसके साथ ही अनंत सिंह की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है। पार्टी ने उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त कराने के लिए संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत विधानसभा अध्यक्ष को पत्र भी लिखा है।

पार्टी को चुनौती देने के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई

अनंत सिंह के खिलाफ यह कार्रवाई विधान परिषद चुनाव का मतदान समाप्त होने और उनके द्वारा पार्टी नेतृत्व को खुली चुनौती दिए जाने के महज 24 घंटे के भीतर हुई है। एक दिन पहले अनंत सिंह ने कहा था कि पार्टी को जो कार्रवाई करनी है, वह करे, आगे वे देख लेंगे।

वहीं, केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह के संबंध में सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा था कि ‘कौन ललन सिंह, वे ललन सिंह को नहीं जानते।’ उनके इस बयान के बाद पार्टी के भीतर नाराजगी बढ़ गई थी।

दूसरे दल के प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने का आरोप

प्रदेश अध्यक्ष की ओर से जारी निष्कासन आदेश में अनंत सिंह पर पार्टी के निर्देशों की लगातार अवहेलना करने, शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने और विधान परिषद चुनाव में जदयू प्रत्याशी के बजाय दूसरे दल के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने का आरोप लगाया गया है।

पार्टी नेतृत्व ने इन गतिविधियों को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए उनकी सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी।

निष्कासन से पहले नीतीश कुमार से मिले थे ललन सिंह

दिलचस्प बात यह है कि अनंत सिंह के निष्कासन का आदेश जारी होने से कुछ ही देर पहले केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की थी। हालांकि, इस मुलाकात को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

इधर, पार्टी से निष्कासित किए जाने के बाद अनंत सिंह ने फिलहाल चुप्पी साध ली है। शनिवार को उनसे प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।

अब सबकी नजर विधानसभा अध्यक्ष के अगले कदम पर टिकी है। जदयू ने अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की मांग कर इस राजनीतिक विवाद को एक नए मोड़ पर पहुंचा दिया है।

*सुरक्षित शनिवार से सुरक्षित विद्यालयों की ओर, समस्तीपुर में मास्टर प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण शुरू – Doorbeen News*

सुरक्षित शनिवार से सुरक्षित विद्यालयों की ओर, समस्तीपुर में मास्टर प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण शुरू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *