जन्म-मृत्यु पंजीकरण पर क्विज में पुष्पम बनीं विजेता, बुशरा प्रवीण को दूसरा स्थान

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला महाविद्यालय, समस्तीपुर में मंगलवार को जन्म-मृत्यु पंजीकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला सांख्यिकी कार्यालय और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को जन्म एवं मृत्यु के अनिवार्य पंजीकरण, इसकी प्रक्रिया और सरकारी कार्यों में प्रमाण-पत्र की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई। क्विज प्रतियोगिता में पुष्पम कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बुशरा प्रवीण दूसरे स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार, महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. राजेश कुमार रंजन, अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार गुप्ता, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी पवन कुमार सिंह, प्रवीण झा और नमामि गंगे के डीपीओ नीरजेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

समय पर जन्म-मृत्यु पंजीकरण कराना प्रत्येक नागरिक के लिए जरूरी : अशोक कुमार

जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि जन्म-मृत्यु पंजीकरण महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है। इसकी जानकारी प्रत्येक नागरिक को होनी चाहिए। समय पर सही पंजीकरण कराने से आधिकारिक अभिलेखों की शुद्धता बनी रहती है। साथ ही जनसंख्या संबंधी विश्वसनीय आंकड़े तैयार करने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद मिलती है।

उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे कार्यक्रम में प्राप्त जानकारी को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाएं। छात्राएं समाज में जागरूकता फैलाने की प्रभावी माध्यम बन सकती हैं।

प्रधानाचार्य प्रो. राजेश कुमार रंजन ने कहा कि शिक्षण संस्थानों का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। ऐसे कार्यक्रम छात्राओं को प्रशासनिक प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराते हैं।

अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि जन्म-मृत्यु पंजीकरण से प्राप्त आंकड़े जनसंख्या वृद्धि, जन्म-दर, मृत्यु-दर और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विकास योजनाओं की बेहतर रूपरेखा तैयार की जा सकती है।

क्विज में श्रेया और दिव्या संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं

कार्यक्रम के दौरान सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी पवन कुमार सिंह और प्रवीण झा ने छात्राओं को पंजीकरण की प्रक्रिया, आवश्यक विवरण और जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र की उपयोगिता के बारे में बताया। नमामि गंगे के डीपीओ नीरजेश कुमार ने जागरूकता कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

इसके बाद आयोजित क्विज प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में पुष्पम कुमारी प्रथम, बुशरा प्रवीण द्वितीय तथा श्रेया अम्बष्ट और दिव्या भारती संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं। पूजा कुमारी ने चौथा स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के आयोजन में सुमन सौरव, किशन कुमार और संजीत कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर डॉ. सुरेश साह, डॉ. संगीता, डॉ. पर्णम शर्मा और डॉ. पिंकी कुमारी सहित अन्य शिक्षक एवं छात्राएं उपस्थित थीं।

*समस्तीपुर के सभी मतदान केंद्रों पर 15 और 16 अक्टूबर को विशेष कैंप, छूटे मतदाताओं के जुड़ेंगे नाम – Doorbeen News*

समस्तीपुर के सभी मतदान केंद्रों पर 15 और 16 अक्टूबर को विशेष कैंप, छूटे मतदाताओं के जुड़ेंगे नाम

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *