व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए पात्र नागरिकों के लिए जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 15 और 16 अक्टूबर को विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देश के आलोक में जिला निर्वाचन कार्यालय ने इसकी तैयारी की है। अभियान जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ चलाया जाएगा। इस दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विलोपन और विवरण में संशोधन से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, दोनों दिन सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। बीएलओ प्रपत्र-6, 7 और 8 के साथ बूथ पर मौजूद रहेंगे, ताकि संबंधित नागरिक अपने आवेदन जमा कर सकें।
नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र-6, संशोधन के लिए भरना होगा प्रपत्र-8
विशेष कैंप में ऐसे पात्र नागरिक आवेदन कर सकेंगे, जिनका नाम एसआईआर के बाद प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में किसी कारणवश शामिल नहीं हो पाया है। इसके अलावा मतदाता सूची से नाम हटाने और दर्ज विवरण में सुधार के लिए भी आवेदन लिए जाएंगे।
- प्रपत्र-6: मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने के लिए।
- प्रपत्र-7: मतदाता सूची में नाम हटाने या किसी प्रविष्टि पर आपत्ति के लिए।
- प्रपत्र-8: नाम, पता सहित अन्य विवरण में संशोधन अथवा निर्धारित श्रेणी के अन्य बदलावों के लिए।
आवेदकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार जांच एवं पंजीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
बीडीओ से लेकर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तक करेंगे निगरानी
अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। उप विकास आयुक्त, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी और भूमि सुधार उप समाहर्ता अपने-अपने संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में अभियान का अनुश्रवण करेंगे।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने मतदान केंद्र पहुंचकर मतदाता सूची में नाम और विवरण की जांच कर लें। किसी प्रकार की त्रुटि अथवा नाम छूटने की स्थिति में संबंधित प्रपत्र भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराएं, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


*मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना से भक्तिमय हुआ शिवाजीनगर, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ – Doorbeen News*
मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना से भक्तिमय हुआ शिवाजीनगर, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़










