व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk। दुर्गा पूजा के दौरान समस्तीपुर शाहपुर पटोरी अनुमंडल क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। पटोरी बाजार में रोज लग रहे जाम से निपटने के लिए दुर्गा पूजा से पहले अतिक्रमण हटाया जाएगा। एसडीओ विकास कुमार पांडेय की अध्यक्षता में शनिवार को हुई समीक्षा बैठक में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए गए।
प्रशासन के अनुसार पटोरी थाना क्षेत्र में 34, मोहिउद्दीननगर में 48 और मोहनपुर थाना क्षेत्र में 16 स्थानों पर प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। कुल 98 प्रतिमा स्थलों पर पुलिस और मजिस्ट्रेट की तैनाती रहेगी।
10 दिन चलेगा वाहन चेकिंग अभियान
एसडीओ ने अगले 10 दिनों तक पूरे क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया है। खासकर बाइक की जांच की जाएगी। बिना लाइसेंस या पर्याप्त कागजात के वाहन चलाने वालों का चालान काटा जाएगा। अष्टमी, नवमी और दशमी को जीबी इंटर स्कूल में अस्थायी वाहन पड़ाव बनाया जाएगा। इन तीन दिनों में शहर में बड़े वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। एनएच पर वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
पंडालों में सीसीटीवी और अग्निशमन की व्यवस्था जरूरी
पूजा समितियों को प्रतिमा स्थापना, विसर्जन, साउंड और अग्निशमन व्यवस्था के लिए आवश्यक अनुमति लेनी होगी। पंडालों में वॉलेंटियर, उनके आई कार्ड, अलग ड्रेस और सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा। विसर्जन के दौरान वीडियोग्राफी और ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था भी की जाएगी। पंडालों में फायर ऑडिट कराने के साथ अग्निशमन यंत्र रखना जरूरी होगा। डीजे पर रोक रहेगी और लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित सीमा में रखनी होगी।
बिजली, स्वास्थ्य और सफाई व्यवस्था पर भी जोर
विद्युत विभाग को पूजा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति और सभी पंडालों की सुरक्षा जांच के निर्देश दिए गए। तीनों प्रखंडों के अस्पतालों को भी हर समय तैयार रहने को कहा गया है। नगर परिषद को सड़कों पर बह रहे नाले के पानी को तत्काल बंद कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया। स्टेडियम के बाहर चलंत शौचालय लगाया जाएगा।
पुलिस और मजिस्ट्रेट को एंबुलेंस तथा फायर ब्रिगेड के लिए रास्ता हर समय खाली रखने को कहा गया है। मिठाई व खाद्य दुकानों की जांच होगी। होटलों में घरेलू सिलेंडर के व्यावसायिक इस्तेमाल पर भी रोक सुनिश्चित की जाएगी। रावण दहन, कव्वाली और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। बैठक में डीसीएलआर रोहित कुमार समेत पुलिस, प्रशासन, नगर परिषद, स्वास्थ्य, बिजली और अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौजूद थे।


*दुर्गा पूजा की तैयारी तेज, 91 वर्षों से आस्था का केंद्र है बाघोपुर का मां वैष्णवी मनोकामना मंदिर – Doorbeen News*
दुर्गा पूजा की तैयारी तेज, 91 वर्षों से आस्था का केंद्र है बाघोपुर का मां वैष्णवी मनोकामना मंदिर











One Comment