सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित, आईसीडीएस की सेवाओं को अंतिम लाभुक तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का मंत्री ने दिया निर्देश

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के अंतर्गत कल्याणपुर प्रखंड में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मंत्री, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार डॉ. श्वेता गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में माननीय मंत्री द्वारा आईसीडीएस की विभिन्न सेवाओं एवं गतिविधियों को प्रदर्शित करने वाले स्टॉलों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। उन्होंने पोषण, टीकाकरण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले पोषाहार एवं पोषक तत्वों, बच्चों के स्वास्थ्य एवं देखभाल सहित अन्य सेवाओं से संबंधित स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए लाभुकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।

मंत्री ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य की नींव उनके प्रारंभिक जीवन में ही रखी जाती है। इसलिए बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण तथा गर्भवती एवं धात्री माताओं के समुचित पोषण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण वितरण का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के समग्र विकास, मातृ स्वास्थ्य एवं समुदाय को जागरूक करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

चिकित्सक के रूप में अपने अनुभव को साझा करते हुए माननीय मंत्री ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार के विभिन्न अवयवों तथा बच्चों एवं माताओं के लिए पोषण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सेविका एवं सहायिकाओं से कहा कि वे अपने क्षेत्र की महिलाओं एवं अभिभावकों को पोषण, स्वच्छता, टीकाकरण तथा बच्चों की देखभाल के प्रति लगातार जागरूक करें, ताकि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंच सके।

मंत्री ने आईसीडीएस की सभी सेवाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय स्तर से योजनाओं के बेहतर संचालन के लिए हरसंभव सुविधा एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि किसी भी पात्र लाभुक को योजनाओं के लाभ से वंचित न रहना पड़े।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली सेविकाओं एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया गया।

मंत्री ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाएं एवं सहायिकाएं सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने उपस्थित लाभुकों से सीधा संवाद किया और आईसीडीएस की विभिन्न सेवाओं से उन्हें मिल रहे लाभ के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लाभुकों की समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित छोटे-छोटे बच्चों के प्रति माननीय मंत्री का विशेष आत्मीय भाव देखने को मिला। उन्होंने बच्चों को दुलार-प्यार किया तथा उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद बच्चों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल रहा।
‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, पोषण सेवाओं एवं बाल विकास कार्यक्रमों को समुदाय के साथ जोड़ने तथा सेवाओं की प्रभावशीलता को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में प्रखंड कार्यक्रम एवं क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, प्रखंड प्रमुख एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस सुनीता, सहायक निदेशक, दिव्यांगजन सोनाली, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय, संबंधित बाल विकास परियोजना पदाधिकारीगण सहित आईसीडीएस के पदाधिकारी एवं कर्मी, सेविका-सहायिका तथा बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित रहे।

*रोसड़ा में वरिष्ठ पत्रकार के पिता एवं सेवानिवृत्त शिक्षक महेश चौधरी का निधन – Doorbeen News*

रोसड़ा में वरिष्ठ पत्रकार के पिता एवं सेवानिवृत्त शिक्षक महेश चौधरी का निधन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *