व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। शहर के मगरदही घाट स्थित बाबा गणिनाथ मंदिर परिसर में मध्यदेशीय वैश्य कानू संघ के तत्वावधान में जन-जन के उद्धारक संत बाबा गणिनाथ गोविंद जी की पूजा एवं जयंती समारोह धूमधाम से मनाया गया। सूर्योदय के साथ मंदिर का पट खुलते ही पूरा परिसर बाबा गणिनाथ के जयकारों से गूंज उठा। समारोह में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का दावा किया गया।
बाबा गणिनाथ की पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। महिलाएं बड़ी संख्या में पूजा के लिए पहुंचीं। श्रद्धालु सुप्ती-मौनी में नैवेद्य लेकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। पूजा-अर्चना के दौरान लोगों ने बाबा गणिनाथ से परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना की।
बाबा गणिनाथ समेत 14 देवी-देवताओं की हुई पूजा
समारोह के दौरान कुलदेवता बाबा गणिनाथ गोविंद जी सहित 14 देवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। संघ के संरक्षक सत्येंद्र प्रसाद ने कुलदेवता का ध्वजारोहण किया।
बाबा के दरबार में पूजा-अर्चना के लिए समस्तीपुर विधायक अश्वमेघ देवी, विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार और जदयू जिलाध्यक्ष डॉ. दुर्गेश राय समेत समाज के कई प्रतिष्ठित बुद्धिजीवी और गणमान्य लोग पहुंचे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में झूमे श्रद्धालु
समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। गायक-गायिकाओं ने भक्ति एवं सांस्कृतिक गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मनोरंजन किया। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में नजर आया।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आयोजन समिति की ओर से भोजन, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और सुरक्षा समेत विभिन्न व्यवस्थाएं की गई थीं। प्रशासनिक स्तर पर भी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
भजन-आरती के साथ समारोह का समापन
संध्या समय बाबा गणिनाथ के भजन, पूजन और आरती का आयोजन किया गया। इसके बाद संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार गुप्ता ने समारोह के समापन की घोषणा की, जबकि सचिव मनोज कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
समारोह की सफलता में राम ईश्वर साह, चंद्रशेखर साहू, अशोक कुमार साह, अनिल कुमार मुखिया, प्रो. बसंत कुमार, प्रेम कुमार गुप्ता, धीरज कुमार, दिनेश कुमार, डॉ. जितेंद्र प्रसाद, चंदन कुमार, प्रो. गोपाल प्रसाद गुप्ता, डॉ. अमित कुमार मुन्ना, अभिषेक कुमार, अगेश कुमार, प्रकाश गुप्ता, संतोष साह, रंजीत साह, डॉ. अरुण कुमार गुप्ता, अनिल कुमार, आनंद भूषण, प्रमोद कुमार और प्रदीप साह शिवे समेत अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



*समस्तीपुर की बेटी बनकर सेवा करती रहूंगी – Doorbeen News*









