विद्यार्थियों की समस्याओं का 30 दिनों में होगा समाधान, हर माह लगेगा ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर। विद्यार्थियों की शैक्षणिक, छात्रावास एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बिहार सरकार की ओर से ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में मंगलवार को शिवाजीनगर प्रखंड के मध्य विद्यालय शिवाजीनगर भवन सभागार में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय टाइप-III के विद्यार्थियों के लिए शिविर आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी समस्याएं, आवश्यकताएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समयबद्ध समाधान का भरोसा दिलाया। अभियान के तहत अब हर महीने के चौथे मंगलवार को विद्यालयों एवं छात्रावासों में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे।

30 दिनों के भीतर करना होगा शिकायत का समाधान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ निश्चय योजना के तहत विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक, छात्रावास, आधारभूत सुविधा अथवा अन्य समस्याओं को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से दर्ज करा सकेंगे।

दर्ज शिकायतों का अधिकतम 30 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित करने का प्रावधान किया गया है। शिकायत के निस्तारण के बाद संबंधित विद्यार्थी को इसकी जानकारी लिखित रूप से भी दी जाएगी। शिकायतकर्ता विद्यार्थियों की पहचान गोपनीय रखने की व्यवस्था भी की गई है।

1100 टोल-फ्री नंबर से भी मिलेगी मदद

विद्यार्थियों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के अलावा टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1100 की सुविधा भी दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य विद्यालय और छात्रावास स्तर पर विद्यार्थियों की समस्याओं को चिन्हित कर संबंधित विभाग के माध्यम से निर्धारित समय सीमा में उनका समाधान कराना है।

बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाना प्राथमिकता

सीडीपीओ निभा कुमारी ने कहा कि विद्यार्थी सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य शिक्षा एवं छात्रावास व्यवस्था में गुणात्मक सुधार लाना है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना इस पहल की प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी समस्याएं और सुझाव निर्भीक होकर संबंधित माध्यम से दर्ज कराने की अपील की।

शिविर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और अपनी समस्याएं एवं सुझाव दर्ज कराए। मौके पर प्रखंड लेखपाल दिनेश कुमार ठाकुर, प्रधानाध्यापक सह संचालक दिनेश प्रसाद सिंह, वार्डन गीता कुमारी, एलएस, शिवाजीनगर थाना के पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।

*अंतिम सोमवारी पर थानेश्वर मंदिर के पास सजा भव्य कांवरिया सेवा शिविर, हजारों शिवभक्तों को मिला प्रसाद व चिकित्सा सेवा – Doorbeen News*

अंतिम सोमवारी पर थानेश्वर मंदिर के पास सजा भव्य कांवरिया सेवा शिविर, हजारों शिवभक्तों को मिला प्रसाद व चिकित्सा सेवा

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *