व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk:;समस्तीपुर, 25 अगस्त। अंतिम श्रावणी सोमवार के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), समस्तीपुर इकाई के ‘सेवार्थ विद्यार्थी’ द्वारा श्री थानेश्वर स्थान मंदिर के समीप विशाल कांवरिया सेवा शिविर सह भंडारा का आयोजन किया गया। शिविर में हजारों शिवभक्तों को शुद्ध पेयजल, भोजन, हलवा, फल, जूस एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। परिषद के कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में स्वच्छता और भीड़ नियंत्रण में भी सहयोग किया।
शिविर का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य तरुण कुमार चौधरी, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार, अभाविप प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. डॉ. स्मिता झा, प्रदेश संगठन मंत्री राकेश मौर्य एवं प्रदेश सहमंत्री अनुपम कुमार झा ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों का मिथिलांचल की परंपरा के अनुसार पाग, चादर एवं स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया।
सेवा और संस्कार युवाओं के लिए प्रेरणादायी : तरुण चौधरी
विधान परिषद सदस्य तरुण कुमार चौधरी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद द्वारा लगातार दस वर्षों से आयोजित किया जा रहा यह सेवा शिविर अपने आप में ऐतिहासिक है। परिषद कार्यकर्ताओं का सेवा भाव वर्तमान युवा पीढ़ी के लिए अनुकरणीय और प्रेरणादायी है। धार्मिक आस्था एवं भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार ने कहा कि युवाओं में सेवा और संस्कार की भावना विकसित करने में विद्यार्थी परिषद का प्रयास सराहनीय है। सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति युवाओं को जागरूक करना महत्वपूर्ण कार्य है।
अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों में सक्रियता से भाग लेकर सामाजिक परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
शिक्षा के साथ सेवा और नेतृत्व पर जोर
प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. डॉ. स्मिता झा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद स्थापना काल से ही छात्रों में चरित्र, ज्ञान, अनुशासन और सेवा की भावना विकसित करने का कार्य कर रही है।
प्रदेश संगठन मंत्री राकेश मौर्य ने कहा कि परिषद शिक्षा के साथ छात्रों में नेतृत्व एवं सेवा के गुणों का विकास कर रही है। उन्होंने कहा कि परिषद की परिकल्पना सर्वस्पर्शी और समभाव की रही है, जिसके कारण यह छात्र संगठन से आगे बढ़कर सामाजिक संगठन के रूप में भी अपनी भूमिका निभा रहा है।
प्रदेश सहमंत्री अनुपम कुमार झा ने समस्तीपुर में परिषद द्वारा संचालित विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के लक्ष्य की दिशा में संगठन लगातार काम कर रहा है।


चिकित्सक ने भी की कांवरियों की सेवा
शिविर में प्रतिष्ठित मूत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. डीपी तिवारी ने भी कांवरियों की सेवा की और विद्यार्थी परिषद के प्रयास की सराहना की। शिविर में कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ मंदिर परिसर की व्यवस्था में भी सहयोग किया।
उद्घाटन समारोह का संचालन जिला संयोजक केशव माधव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सेवार्थ विद्यार्थी के जिला संयोजक शुभम कुमार ने किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय हिंदू फ्रंट के राष्ट्रीय सचिव रविंद्र मोहन राजन, विहिप जिला अध्यक्ष संजय पांडेय, जिला वकील संघ सचिव कुंज बिहारी वर्मा, संजय कुमार बबलू, भाजपा प्रवक्ता रौशन झा सहित अभाविप के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सैकड़ों स्वयंसेवक मौजूद रहे।

*शिक्षा बचाओ सत्याग्रह के पाँचवें दिन निकला विशाल मशाल जुलूस, KSR कॉलेज बचाने की मांग हुई और तेज – Doorbeen News*
शिक्षा बचाओ सत्याग्रह के पाँचवें दिन निकला विशाल मशाल जुलूस, KSR कॉलेज बचाने की मांग हुई और तेज









