व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: वैशाली। बिहार के वैशाली जिले में रविवार सुबह हुए सनसनीखेज डबल मर्डर से इलाके में हड़कंप मच गया। बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासो गांव में एक आर्मी जवान और उसके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतकों की पहचान 60 वर्षीय मुनारिक राय और उनके 35 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। जितेंद्र कुमार भारतीय सेना में कार्यरत थे और कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आए थे।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह पिता-पुत्र अपने घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान कथित तौर पर उनके भतीजे ने अपने साथियों के साथ पहुंचकर दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, परिवार में रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश में इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया।


घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक जितेंद्र कुमार अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। वहीं उनके पिता मुनारिक राय पूर्व में पंचायत चुनाव में मुखिया पद के प्रत्याशी भी रह चुके थे।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है तथा गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।


*मध्य विद्यालय बेला पंचरुखी में सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम आयोजित, बच्चों को बाढ़ व डूबने से बचाव की दी गई जानकारी – Doorbeen News*





