समस्तीपुर पुलिस की बड़ी सफलता: फर्नीचर फैक्ट्री में लाखों की चोरी का खुलासा, उत्तर प्रदेश के दो चोर गिरफ्तार

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र में फर्नीचर कारखाने में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में उत्तर प्रदेश के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी गए फर्नीचर निर्माण के महंगे औजार और उपकरण भी बरामद कर लिए हैं।

जानकारी के अनुसार, रोसड़ा थाना क्षेत्र में आदित्य विजन के निकट स्थित अमर कुमार के फर्नीचर निर्माण कारखाना “राजधानी फर्नीचर” में 22 मई की देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर फर्नीचर बनाने में उपयोग होने वाले कीमती औजार, मशीनें एवं अन्य सामान चोरी कर लिया था। चोरी गए सामान की कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई थी। मामले में रोसड़ा थाना कांड संख्या-193/26 दिनांक 25 मई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रोसड़ा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर गांव निवासी राम सिंह और राम अवतार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी गए 11 प्रकार के औजार एवं मशीनें बरामद की गईं।

बरामद सामानों में ड्रिल मशीन, जिग्सा मशीन, ग्राइंडर, राउटर मशीन, कील ठोकने की मशीन, पिंचर मशीन, रंदा मशीन सहित अन्य महंगे उपकरण शामिल हैं।

छापेमारी टीम में रोसड़ा थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुभाष चंद्र मंडल, अनीश कुमार, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक कृति कुमारी, मनीषा भारती तथा सहायक अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह शामिल थे। पुलिस दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।

*भाकपा माले नेता मोहन पासवान को श्रद्धांजलि, महावीर पोद्दार बोले- मजदूर वर्ग ने खोया अपना सच्चा साथी – Doorbeen News*

भाकपा माले नेता मोहन पासवान को श्रद्धांजलि, महावीर पोद्दार बोले- मजदूर वर्ग ने खोया अपना सच्चा साथी

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *