व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Samastipur News: समस्तीपुर में सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर रील बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। हथियार के साथ वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई वारिसनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर भुसाघर में छापेमारी कर एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 27 मई 2026 की शाम करीब 6 बजे सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में कुछ युवक अवैध हथियार लहराते हुए और आपत्तिजनक अंदाज में नजर आ रहे थे। वीडियो वायरल होते ही वारिसनगर थाना पुलिस ने मामले का सत्यापन शुरू किया और साक्ष्य मिलने के बाद 28 मई को वारिसनगर थाना कांड संख्या-141/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की।


पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वारिसनगर थानाध्यक्ष सर्वेश झा के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए पुरनाही निवासी ओम प्रकाश महतो को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हथियार छिपाने की बात कबूल की, जिसके बाद पुलिस ने पुरनाही गांव स्थित एक घर के भुसाघर में छापेमारी की। वहां से वायरल वीडियो में दिखाया गया देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद हुई।
छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। उनकी पहचान मोगलानिचक निवासी अमन कुमार उर्फ भोला और चारो निवासी छोटू कुमार उर्फ अमित कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने हथियार बरामदगी के बाद वारिसनगर थाना कांड संख्या-142/2026 भी दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।




*समस्तीपुर में डीएम ने लगाया जनता दरबार, अधिकारियों को दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश – Doorbeen News*
समस्तीपुर में डीएम ने लगाया जनता दरबार, अधिकारियों को दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश





