माहवारी स्वच्छता को लेकर स्कूल में जागरूकता अभियान शुरू, छात्राओं को दिया स्वास्थ्य और आत्मविश्वास का संदेश

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Samastipur News: सरायरंजन प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय रसलपुर में महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, सम्मान और आत्मविश्वास से जुड़े महत्वपूर्ण विषय “माहवारी स्वच्छता” को लेकर छह दिवसीय जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान 25 मई से 30 मई 2026 तक चलेगा और 28 मई को मनाए जाने वाले “माहवारी स्वच्छता दिवस” के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।

अभियान का उद्देश्य किशोरियों एवं छात्र-छात्राओं के बीच माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों, झिझक और सामाजिक रूढ़ियों को दूर कर वैज्ञानिक सोच एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के तहत जागरूकता सत्र, परिचर्चा, स्वास्थ्य परामर्श, पोस्टर, निबंध, चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिता समेत कई गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनीष चन्द्र प्रसाद ने कहा कि माहवारी कोई कमजोरी नहीं, बल्कि नारी शक्ति और सृजन का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि समाज में अब भी इस विषय को लेकर संकोच और भ्रांतियां मौजूद हैं, जिसके कारण कई किशोरियां सही जानकारी के अभाव में शारीरिक और मानसिक परेशानियों का सामना करती हैं।
उन्होंने छात्राओं से “चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो” के संदेश के साथ अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। साथ ही कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और सकारात्मक बदलाव का माध्यम भी है।

नोडल शिक्षिका गुड़िया कुमारी ने छात्राओं को माहवारी के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित पोषण, सुरक्षित सैनिटरी उत्पादों के उपयोग और संक्रमण से बचाव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही स्वस्थ जीवन की पहली सीढ़ी है और बेटियों का आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और माहवारी स्वच्छता से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए।

इस अवसर पर शिक्षक प्रियरंजन झा, संजय कुमार मल्लिक, जितेन्द्र कुमार राय, महेश कुमार, मो. असगर अली, ललित कुमार, प्रमोद कुमार सहनी, शिक्षिका कोमल कुमारी, फूलेन्द्र कुमार, ज्योति कुमारी सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

*चुनावी ड्यूटी का भुगतान अटका, वाहन व्यवसायियों ने दी आंदोलन की चेतावनी – Doorbeen News*

चुनावी ड्यूटी का भुगतान अटका, वाहन व्यवसायियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *