व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Samastipur News: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत मधुरापुर एवं रहटौली पंचायतों में मंगलवार को राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजना सहयोग शिविर का शुभारंभ पंचायत सरकार भवन सभागार में किया गया। शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना, पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ना तथा आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जहां लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम की अध्यक्षता समस्तीपुर से पहुंचे एसडीसी धर्मराज ने की। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।


उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को विस्तारपूर्वक दी और पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि कोई भी जरूरतमंद सरकारी सुविधाओं से वंचित नहीं रहे।
शिविर में बीडीओ आलोक कुमार सिंह, बीपीआरओ नाजिश प्रवीण, सीओ वीणा भारती, सीडीपीओ निभा कुमारी, मनरेगा पीओ बबलू कुमार, बीएओ सतीश कुमार, एमओ नूरजहां, बिजली विभाग के जेई आकाश वर्मा, जीविका बीपीएम नीतू कुमारी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी नीतू कुमारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार, पशुपालक पदाधिकारी डॉ. एसएस प्रसाद, तकनीकी सहायक जेई दीप सागर, पंचायत सचिव प्रमोद कुमार राय एवं स्वास्थ्य प्रबंधक अमानुल्लाह मौजूद रहे।


इसके अलावा पंचायत प्रतिनिधियों में मुखिया भरत सिंह एवं प्रेम कुमार सहनी सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी और पंचायतवासी भी शिविर में शामिल हुए। शिविर के दौरान ग्रामीणों से विभिन्न योजनाओं एवं स्थानीय समस्याओं से संबंधित आवेदन लिए गए। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि जटिल मामलों के शीघ्र निष्पादन का भरोसा अधिकारियों ने ग्रामीणों को दिलाया। शिविर में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, मनरेगा, कृषि, स्वास्थ्य, श्रम, बिजली, पशुपालन, जीविका एवं अन्य योजनाओं से जुड़ी जानकारी लोगों को दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के शिविर का मकसद सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की समस्या को कम करना और ग्रामीणों को उनके पंचायत स्तर पर ही सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे योजनाओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराएं तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर प्रशासन को तुरंत सूचित करें। साथ ही लोगों से सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक रहने और अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया गया। वहीं, ग्रामीणों ने भी सड़क, बिजली, आवास, पेंशन एवं अन्य स्थानीय समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा और समाधान की मांग की।
सहयोग शिविर के आयोजन से पंचायत क्षेत्र के लोगों में उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार के शिविर से उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ता तथा योजनाओं की सही जानकारी भी एक ही स्थान पर मिल जाती है। प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए इस तरह के शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे।


*डिग्री कॉलेज के अस्थायी संचालन स्थल पर पुनर्विचार की मांग को लेकर सिंघिया में शांतिपूर्ण धरना, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन – Doorbeen News*





