पोखर में जहर डालकर लाखों की मछली मारने का आरोप, ग्रामीणों ने थाने में दी आवेदन

व्हाट्सएप से जुडने को क्लीक करें

Samastipur News: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत करियन पंचायत के देवनपुर गांव में पोखर में जहर डालकर लाखों रुपये मूल्य की मछलियों को मार देने का मामला प्रकाश में आया है। घटना को लेकर गांव में आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में देवनपुर गांव निवासी घुरन यादव के पुत्र अमरजीत यादव ने रोसड़ा थाना में लिखित आवेदन देकर दो नामजद तथा 5 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

दिए गए आवेदन में अमरजीत यादव ने कहा है कि गांव के सभी ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से गांव स्थित पोखर की साफ सफाई कर उसमें जमा गंदे पानी को निकालकर स्वच्छ पानी भरवाया था। इसके बाद ग्रामीणों ने पोखर में मछली का जीरा डाला था, ताकि पोखर का विकास हो सके तथा उससे होने वाली आमदनी का उपयोग पोखर के भिंड पर स्थित भगवान शंकर मंदिर के विकास एवं रखरखाव में किया जा सके।

ग्रामीणों के अनुसार पोखर में तैयार हो रही मछलियों की संख्या करीब दो लाख थी और उससे लाखों रुपये की आय होने की संभावना थी। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि गांव के कुछ लोग शादी समारोह में बाहर गए हुए थे। इसी दौरान 16 मई की सुबह करीब पांच बजे साजिश के तहत पोखर में जहरीला पदार्थ डाल दिया गया, जिससे पोखर में पल रही सभी मछलियां मर गईं। घटना के बाद पोखर का पानी भी दूषित हो गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच गांव के लोग इसी पोखर का उपयोग मवेशियों को पानी पिलाने एवं धोने के लिए करते थे। मछलियों के मर जाने और पानी दूषित होने से ग्रामीणों के साथ-साथ पशुपालकों की परेशानी भी बढ़ गई है।

घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। इसके बाद सोमवार 18 मई को रोसड़ा थाना में आवेदन दिया गया।

आवेदन की प्रतिलिपि रोसड़ा एसडीपीओ, एसपी, दरभंगा डीआईजी तथा मुख्यमंत्री को भी भेजी गई है। इस आवेदन पर पंचायत के मुखिया संजीव पासवान, सरपंच दिव्यानी कुमारी, वार्ड सदस्य लाल बाबू राउत सहित फूल बाबू यादव, भरत यादव, लालतू यादव, बोल बम यादव, घुरन यादव, विनोद यादव, रंजीत कुमार, कमलेश कुमार, राज नारायण कुमार, राजा कुमार, रंजीत यादव एवं संजीत यादव समेत दर्जनों ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा न्याय की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांचोपरांत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

*दलसिंहसराय में तेल टैंकर की चपेट में आने से दो युवकों की दर्दनाक मौत – Doorbeen News*

दलसिंहसराय में तेल टैंकर की चपेट में आने से दो युवकों की दर्दनाक मौत

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *