व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें
Samastipur News: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत सभी प्रारंभिक विद्यालयों में शनिवार नौ मई को “हमारा बच्चा, हमारी जिम्मेदारी” थीम पर अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर शिक्षा विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। प्रखंड के सभी 125 प्रारंभिक विद्यालयों में एक साथ आयोजित होने वाली इस संगोष्ठी के माध्यम से बच्चों की शिक्षा, नियमित उपस्थिति, स्वास्थ्य, पोषण एवं सर्वांगीण विकास को लेकर अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा।
जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को इस संबंध में पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जारी निर्देश में कहा गया है कि शिक्षा विभाग के वार्षिक कैलेंडर के अनुसार नौ मई को सभी विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित की जानी है। इस बार संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार लाना है।


विभाग का मानना है कि बच्चों के सीखने और विकास की प्रक्रिया में विद्यालय एवं अभिभावक दोनों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में दोनों के बीच निरंतर संवाद और समन्वय आवश्यक है।
संगोष्ठी के दौरान शिक्षकों द्वारा अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने, घर पर पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने तथा बच्चों को विद्यालय भेजने से पूर्व नाश्ता कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
विभाग का मानना है कि उचित पोषण और सकारात्मक वातावरण मिलने पर बच्चे आत्मविश्वास के साथ विद्यालय आते हैं तथा पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करते हैं। इसके साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण संबंधी विषयों पर भी विस्तृत चर्चा होगी। प्राथमिक विद्यालयों में आयोजित होने वाली इस बैठक को प्रभावी बनाने के लिए राज्य स्तर से विस्तृत मार्गदर्शिका भी उपलब्ध कराई गई है।


मार्गदर्शिका के अनुसार विद्यालयों में अभिभावकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने, बच्चों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी साझा करने तथा कमजोर बच्चों के लिए विशेष रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। संगोष्ठी में बच्चों की उपस्थिति, पढ़ाई में रुचि, व्यवहार, अनुशासन एवं सीखने की क्षमता पर भी चर्चा की जाएगी।
प्रखंड क्षेत्र के शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों को बैठक की तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया गया है। विद्यालय स्तर पर अभिभावकों को आमंत्रित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है ताकि अधिक से अधिक अभिभावक इस कार्यक्रम में शामिल होकर अपने बच्चों के भविष्य निर्माण में भागीदारी निभा सकें।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रामजन्म सिंह ने बताया कि नौ मई को प्रखंड के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसे लेकर सभी प्रधान शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के प्रति अधिक जागरूक बनाना और विद्यालय से उनका जुड़ाव बढ़ाना है।


*सहयोग शिविर को लेकर बीडीओ कार्यालय में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित – Doorbeen News*
सहयोग शिविर को लेकर बीडीओ कार्यालय में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित





