समस्तीपुर राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान शुरू

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Samastipur News: आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, समस्तीपुर द्वारा व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इसी क्रम में माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, समस्तीपुर  समीर कुमार की अध्यक्षता में प्रचार वाहन (जागरूकता रथ) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस जागरूकता रथ का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक लोगों तक राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी पहुंचाना है। यह रथ समस्तीपुर जिले के सभी पंचायतों में भ्रमण कर आम जनता को लोक अदालत के महत्व, इसके लाभ तथा सुलहनीय मामलों के त्वरित निपटारे की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देगा। प्रचार के माध्यम से लोगों को यह भी बताया जाएगा कि वे अपने लंबित वादों, प्री-लिटिगेशन मामलों, बैंक ऋण, बिजली बिल, पारिवारिक विवाद, चेक बाउंस सहित अन्य सुलहनीय मामलों का निपटारा आसानी से और कम समय में कर सकते हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष समीर कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम जनता को सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय प्रदान करने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत में भाग लें और अपने मामलों का आपसी समझौते के आधार पर समाधान कर न्यायिक प्रक्रिया को सरल बनाएं।

उन्होंने यह भी कहा कि लोक अदालत में निपटाए गए मामलों में किसी प्रकार का न्यायालय शुल्क नहीं लगता है तथा निर्णय दोनों पक्षों की सहमति से होता है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।इस अवसर पर समस्तीपुर न्यायिक मंडल के सभी न्यायिक पदाधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सदस्यगण, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, अधिवक्ता, न्यायालय कर्मी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने आम जनता से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने विवादों का समाधान राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से करें।

*सेवानिवृत्त हो रहे रेलकर्मियों के सम्मान में महिला कल्याण संगठन ने आयोजित किया सम्मान समारोह – Doorbeen News*

सेवानिवृत्त हो रहे रेलकर्मियों के सम्मान में महिला कल्याण संगठन ने आयोजित किया सम्मान समारोह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *