व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करे
Samastipur News: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमार अमित का सोमवार को हार्ट अटैक से आकस्मिक निधन हो गया। वे छुट्टी लेकर अपने परिवार के साथ पटना स्थित आवास पर थे, जहां यह दुखद घटना हुई। उनके निधन की खबर मिलते ही शिवाजीनगर पीएचसी समेत पूरे स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार डॉ. कुमार अमित अपनी पत्नी के आंख के इलाज के सिलसिले में पटना गए हुए थे। इसी दौरान अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा। परिजनों ने आनन फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उनकी उम्र लगभग 48 से 49 वर्ष के बीच थी। डॉ. अमित मूल रूप से खगड़िया जिले के मानसी के निवासी थे और वर्ष 2020 से शिवाजीनगर पीएचसी में अपनी सेवा दे रहे थे।
वर्ष 2023 में पूर्व प्रभारी गणेश पाजियार के सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की थी।
सोमवार को ही उनके पटना से लौटकर पुनः पीएचसी में योगदान देने की संभावना थी। स्वास्थ्य प्रबंधक अमानुल्ला समेत अन्य कर्मी उनके आने का इंतजार कर रहे थे। वहीं फोर्थ ग्रेड कर्मचारी मनोज कुमार उन्हें रिसीव करने के लिए समस्तीपुर कलेक्ट्रेट के पास मौजूद थे।
इसी बीच उनके निधन की सूचना मिलने से सभी स्तब्ध रह गए। डॉ. अमित के निधन की खबर जैसे ही शिवाजीनगर पीएचसी पहुंची, वहां सन्नाटा पसर गया। स्वास्थ्यकर्मियों और कर्मचारियों के बीच शोक का माहौल व्याप्त हो गया।

सहकर्मियों ने बताया कि डॉ. अमित बेहद मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे। वे अपने कार्य के प्रति काफी सजग रहते थे और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार के लिए जाने जाते थे।
उनके आकस्मिक निधन पर डॉ. सुमित कुमार, डॉ. सुभाष कुमार, डॉ. रंजन कुमार, डॉ. डीके पांडे, विवेक कुमार विमल, संजय कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक अमानुल्ला, यूनिसेफ बीसीएम विक्रम कुमार चौधरी, डॉ. सोनम कुमारी, प्रतिभा कुमारी समेत कई स्वास्थ्यकर्मियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने उनके निधन को स्वास्थ्य विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
स्थानीय लोगों ने भी डॉ. अमित के निधन पर दुख जताते हुए उन्हें एक समर्पित और ईमानदार चिकित्सक बताया। उनके निधन से न केवल स्वास्थ्य विभाग बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।


*समस्तीपुर में सजी भव्य काव्य गोष्ठी, देर शाम तक गूंजती रहीं रचनाएं – Doorbeen News*
समस्तीपुर में सजी भव्य काव्य गोष्ठी, देर शाम तक गूंजती रहीं रचनाएं








